- मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने साफ कर दिया है
- कैबिनेट और राज्यमंत्री मिलाकर कुल मंत्रियों की संख्या 20 से 22 हो सकती है
भोपाल. मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने साफ कर दिया है कि लॉक डाउन 4.0 खत्म होने से पहले ही वे मंत्रिमंडल का विस्तार कर देंगे। विस्तार 28-29 मई को हो सकता है। इसमें कैबिनेट और राज्यमंत्री मिलाकर कुल मंत्रियों की संख्या 20 से 22 हो सकती है। मुख्यमंत्री एक-दो दिन में दिल्ली जाएंगे। वहां उनकी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्ढा से मुलाकात होने की संभावना है।
उम्मीद है कि इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भी विस्तार पर विचार-विमर्श हो सकता है। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत से इस मामले में प्रारंभिक चर्चा हो चुकी है। मुख्यमंत्री अब एक बार पार्टी अध्यक्ष नड्ढा और अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी चर्चा करेंगे।
सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल विस्तार में सिंधिया गुट के 7 से 8 मंत्री होंगे। सिंधिया ही निर्णय करेंगे कि कौन-कौन मंत्री बनेगा। विधानसभा उपचुनाव में कौन लड़ेगा और कौन नहीं लड़ेगा, भाजपा ने इसका फैसला भी सिंधिया पर छोड़ा है।
+ There are no comments
Add yours