सरकार ने बैठक बुलाई, सोमवार को होगा फैसला कब से खुलेंगे स्कूल

Estimated read time 1 min read
  • सरकार ने बुलाई हर जिले से क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की रिपोर्ट
  • प्राइवेट स्कूल वालों ने दी थी धमकी, स्कूल नहीं खोले तो बंद कर देंगे ऑनलाइन क्लासेस
  • 10 वीं-12 वीं की परीक्षा के पहले कोर्स पूरा करने को लेकर समीक्षा होगी

भोपाल। स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने 14 दिसंबर को विभाग के अफसरों की बैठक बुलाई है। इसमें प्रदेश के स्कूलों को खोलने को लेकर फैसला हो सकता है। यह बैठक सोमवार दोपहर 3:30 बजे मंत्रालय में होगी। बैठक में तय होगा कि पहली से आठवीं तक के स्कूल कब खोले जाएंगे। इसके अलावा 10 वीं तथा 12 वीं की परीक्षा से पहले कोर्स पूरा करने को लेकर भी समीक्षा की जाएगी। इस दौरान परमार आत्म निर्भर मध्यप्रदेश के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग के रोड मैप पर विभागीय कार्य योजना की समीक्षा करेंगे।

मंत्रालय सूत्रों ने बताया, स्कूल खोलने को लेकर कलेक्टरों को क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक करने के निर्देश दिए गए थे। हर जिले से बुलाई गई रिपोर्ट पर बैठक में चर्चा होगी। बैठक में मध्‍यप्रदेश बोर्ड की 10 वीं और 12 वीं की परीक्षा की तैयारियों पर भी चर्चा होगी। साथ ही, परीक्षा का टाइम-टेबल तय करने को लेकर भी बातचीत होगी। इसके अलावा 9 वीं से 12 वीं तक के कोर्स कितना पूरा हो चुका है? यदि कोर्स शेष है, तो इसे पूरा करने की तैयारियों की जानकारी अधिकारी देंगे। इसके अलावा स्‍कूल खोलने और परीक्षा के पहले कोर्स पूरा करने को लेकर समीक्षा की जाएगी।

बैठक में ये अफसर रहेंगे मौजूद

बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग की प्रमुख सचिव रश्मि अरुण शमी, आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय जयश्री कियावत, राज्य शिक्षा केंद्र आयुक्त लोकेश कुमार जाटव, माध्यमिक शिक्षा मंडल के अध्यक्ष राधेश्याम जुलानिया सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

लोक शिक्षण आयुक्त ने दिए संकेत

लोक शिक्षण आयुक्त जयश्री कियावत ने संकेत दिए हैं कि सोमवार को होने वाली बैठक के बाद 9वीं से 12वीं की क्लासेज लगने को लेकर स्थिति साफ हो सकती है। इनमें सीबीएसई और एमपी बोर्ड सहित सभी तरह स्कूल शामिल हैं।

प्राइवेट स्कूल संचालकों ने दी थी चेतावनी

कोरोना काल से बंद पड़े प्राइवेट स्कूलों को लेकर संचालकों ने स्कूल नहीं खोले जाने पर आंदोलन का ऐलान 9 दिसंबर को कर दिया था। उन्होंने स्कूल नहीं खोलने पर ऑनलाइन क्लासेस भी बंद करने की चेतावनी दी थी। इस दौरान सामूहिक घोषणा की गई थी कि सरकार को पांच दिन की मोहलत दी जा रही है। यदि वह स्कूल नहीं खोलने देती तो 14 दिसंबर को मुख्यमंत्री के निवास का घेराव किया जाएगा।

More From Author

+ There are no comments

Add yours