सतपुड़ा पावर स्टेशन की 11 नंबर यूनिट ठप्प: कीर्तिमान बनने से 55 घंटे दूर थी, 202 दिनों से बन रही थी 250 मेगावाट बिजली

Estimated read time 1 min read

सारणी। लगातार 202 दिन बिजली उत्पादन करने वाली सतपुडा थर्मल पावर स्टेशन सारणी की 11 नंबर यूनिट ठप्प हो गई है। शुक्रवार रात ट्यूब लीकेज के बाद बंद हुई यह यूनिट 55 घंटे से नया कीर्तिमान बनाने से चूक गई। अब पावर जनरेशन कंपनी यूनिट ठप्प होने की जांच कर रही है। आशंका है कि इसके बंद होने से बिजली संकट बढ़ सकता है। हालांकि अभी मांग में कमी आई है।

इस यूनिट में शुक्रवार रात करीब 9 बजकर 20 मिनट पर बॉयलर ट्यूब लीकेज ( LTSH) हुआ था। इससे पहले यह लगातार 202 दिन से पूरी क्षमता 250 मेगावाट विद्युत उत्पादन के साथ चल रही थी। पावर हाउस प्रबंधन ने इसे दुरुस्त करने के लिए 2 दिन का शट डाउन लिया है। संभावना है कि सोमवार रात या मंगलवार सुबह तक इसे फिर एक बार चालू कर लिया जाएगा। अधीक्षण यंत्री ऑपरेशन चंद्रप्रकाश ठुकराल ने भास्कर को बताया कि यूनिट सभी पैरामीटर पर ठीक चल रही थी। अचानक ट्यूब लीकेज के कारण इसे बंद करना पड़ा। इसका सुधार कार्य शुरू कर दिया गया है। जिसे जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा।

55 घंटे की चूक

लगातार 202 दिन चलने के बाद बंद हुई, यही अगर 55 घंटे और चल जाती तो यह एक बड़ा कीर्तिमान होता। इसके पहले मध्य प्रदेश पावर जेनरेटिंग कंपनी के इतिहास में सतपुड़ा थर्मल पावर स्टेशन की पावर हाउस 1 की 2 नंबर यूनिट 205 दिन तक लगातार चल चुकी है। 2008- 2009 में लगातार चली इस यूनिट का रिकॉर्ड अब तक कोई नहीं तोड़ सका है अगर 11 नंबर यूनिट भी और 55 घंटे चल जाती तो शायद यह पावर हाउस एक की दो नंबर यूनिट का रिकॉर्ड तोड़ देती लेकिन यह नहीं हो सका। अब पावर जनरेशन कंपनी इसके बंद होने की जांच कर रही है।

बिजली संकट बढ़ने के आसार सतपुड़ा थर्मल पावर स्टेशन की 250 मेगावाट क्षमता की 11 नंबर यूनिट के बंद होने के बाद अब पावर हाउस की एकमात्र 10 नंबर यूनिट चालू है जिसे पावर हाउस प्रबंधन 250 मेगावाट की पूरी क्षमता पर चला रहा है माना जा रहा है कि 11 नंबर यूनिट के बंद होने से 250 मेगावाट बिजली की कमी हो गई है इससे प्रदेश में बिजली संकट के आसार बन सकते हैं हालांकि संभावना जताई जा रही है कि मौसम में हुए बदलाव की वजह से मांग में आई कमी से बिजली संकट के हालात पैदा नहीं होंगे। पावर हाउस सूत्रों के मुताबिक 2 दिन पहले तक प्रदेश में 11 से 12000 मेगावाट बिजली की मांग की जो अब घटकर 9800 मेगावाट पर पहुंच गई है क्योंकि फिलहाल मांग में कमी आई है इसलिए बिजली संकट पैदा नहीं हो सकता।

यह बनाया था कीर्तिमान

मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी की 250 मेगावाट स्थापित क्षमता की यूनिट-11 ने तमाम विपरीत परिस्थितियों के बीच 202 दिनों का लगातार विद्युत उत्पादन करने का नया कीर्तिमान बनाया है। यह यूनिट 30 अक्टूबर 2021 से शुक्रवार तक निर्बाध बिजली उत्पादन कर रही थी।

इस दौरान यूनिट का प्लांट अवेलेबिलिटी फैक्टर (पीएएफ) 100.71 प्रतिशत, प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) 91.9 प्रतिशत, ऑक्जिलरी कंजम्पशन 7.9 प्रतिशत, विशिष्ट कोल खपत 0.63 किलोग्राम प्रति यूनिट और विशिष्ट तेल खपत 0.02 मिली लीटर प्रति यूनिट रही। उल्लेखनीय है कि सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी की यह यूनिट 16 मार्च 2014 को क्रियाशील हुई थी। इसके बंद होने से प्रबंधन मायूस है।

More From Author

+ There are no comments

Add yours