शिवा इलेवन पाथाखेड़ा ने रेड रोज शोभापुर को हराकर फाइनल ट्रॉफी 2022 पर कब्जा जमाया

Estimated read time 1 min read
  • प्रतियोगिता के समापन मे सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष, नपा अध्यक्ष सहित अतिथियों ने बांटे पुरूस्कार

सारणी। कुशाभाऊ ठाकरे जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष में जन आदर्श स्पोर्ट्स क्लब के तत्वावधान में स्वर्गीय विजय कुमार खंडेलवाल स्मृति राज्य स्तरीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में शिवा इलेवन पाथाखेड़ा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया है। रविवार को टूर्नामेंट के 22 वें (अंतिम) दिन हुए फाइनल मुकाबले में विजेता शिवा इलेवन ने शानदार क्रिकेट का प्रदर्शन करते हुए रेड रोज शोभापुर को हराकर फाइनल ट्रॉफी अपने नाम की। मैच के मुख्य अतिथि बैतूल हरदा हरसूद सांसद दुर्गादास उईके आमला सारणी विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला, समाजसेवी मुकेश खंडेलवाल नगर पालिका अध्यक्ष आशा महेंद्र भारती सहित अतिथियों ने पुरूस्कार वितरण किया। बतौर पुरूस्कार विजेता टीम को बुलट मोटरसाइकिल एवं उपविजेता टीम को 75 हजार रूपए नगद दिए गए। इसके अलावा अन्य पुरूस्कार भी वितरित किए।
रविवार को तीन मैच खेले गये। पहला सेमीफाइनल मैच रेड रोज शोभापुर (नागपुर) एवं अजमस्त तारीक इलेवन भोपाल के बीच खेला गया। अजमस्त तारीक इलेवन भोपाल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, पहले बल्लेबाजी करने उतरी अजमस्त तारीक इलेवन भोपाल ने निर्धारित 10 ओवरों में 8 विकेट खोकर 123 रन बनाए। 124 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेड रोज शोभापुर (नागपूर) ने दसवें ओवर की दूसरी ही गेंद पर 5 विकेट खोकर 126 रन बनाएं और यह मैच 5 विकेट से जीत लिया। इस मैच में 11 गेंदों पर 31 रन की पारी खेलने वाले आकाश को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
दूसरा सेमिफाइनल मैच स्प्रेडिंग स्माइल सारीक इलेवन बैतूल (भोपाल) और शिवा इलेवन पाथाखेड़ा के बीच खेला गया। शिवा इलेवन पाथाखेड़ा ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्प्रेडिंग स्माइल सारीक इलेवन बैतूल (भोपाल) ने निर्धारित 10 ओवरों में 6 विकेट खोकर 122 रन बनाए और शिवा इलेवन पाथाखेड़ा के सामने 123 रनो का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शिवा इलेवन ने 5 विकेट खोकर 9 वें ओवर की दूसरी गेंद पर 124 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। यह मैच शिवा इलेवन पाथाखेड़ा ने 5 विकेट से जीत लिया, इस मैच के मैन ऑफ द मैच रोहित बर्मन रहे जिन्होंने 19 गेंद पर 56 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। तीसरा मैच टूर्नामेंट का फाइनल मैच था जो रेड रोज शोभापुर एवं शिवा इलेवन पाथाखेड़ा के बीच खेला गया। रेड रोज शोभापुर ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया, बल्लेबाजी करने उतरी शिवा इलेवन पाथाखेड़ा ने निर्धारित 10 ओवर में 6 विकेट खोकर 166 रन बनाए और 167 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए रेड रोज शोभापुर ने 10 ओवर में 5 विकेट खोकर 117 रन बनाए जिससे फायनल मैच 49 रनों से शिवा इलेवन पाथाखेड़ा ने जीत लिया। इस मैच में 16 गेंदों पर 66 रनों की पारी खेलने वाले चिंकी को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
मैच के मुख्य अतिथि बैतूल हरदा-हरसूद-सांसद दुर्गादास उईके, आमला-सारणी विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला, समाजसेवी मुकेश खंडेलवाल, नगर पालिका अध्यक्ष आशा महेंद्र भारती, विशाल बत्रा, संजू सोलंकी, आरके जैन सी ई मध्य प्रदेश विद्युत मंडल सारणी, सारणी थाना प्रभारी टीआई रत्नाकर हिंगवे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और क्षेत्रवासी मौजूद थे।

More From Author

+ There are no comments

Add yours