
शाहपुर। घोड़ाडोंगरी ब्लाक के चोपना थाना क्षेत्र अंतर्गत तवा नदी के पुल पर सोमवार रात लोहे की छड़ से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरा। हादसे के 12 घंटे बाद पुलिस और लोगों को जानकारी मिलने पर क्रेन की मदद से ड्राइवर समेत 6 लोगों के शव ट्रक के नीचे से क्षत-विक्षत हालत में बाहर निकाले गए। इस हृदय विदारक घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद, शाहपुर एसडीएम अनिल सोनी, घोड़ाडोंगरी तहसीलदार मोनिका विश्वकर्मा सारणी एसडीओपी अभय राम चौधरी भी मौके पर पहुंचे । चोपना पुलिस ने 6 लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों में अधिकांश आदिवासी परिवार के युवा थे, जो मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करते आ रहे हैं। पूरे क्षेत्र में इस हादसे के बाद शोक की लहर छाई हुई है। सभी मृतकों के शव घोड़ाडोंगरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।प्राप्त जानकारी के मुताबिक बीती शाम सरिया से भरा ट्रक क्रमांक-एमपी-48-एच-3159 चोपना के लिए रवाना हुआ था। यहां कुछ दुकानों में ट्रक से सरिया निकालकर वापस शाहपुर की ओर आ रहा था। रात करीब 7.45 बजे यह ट्रक रैलिंग विहीन तवा नदी की पुलिया की ढलान पर तेज गति से आने के कारण ड्रायवर संतुलन खो बैठा। पलक झपकते ही कई फीट नीचे तवा नदी में उछाल खाकर ट्रक नदी में जा गिरा। जानकारी सामने आई है कि जिस समय ट्रक नदी में गिरा तब सामने और पीछे की ओर से कोई वाहन नहीं आ रहा था, इसलिए किसी को दुर्घटना के बारे में जानकारी नहीं मिली। मंगलवार की सुबह जब आवाजाही शुरू हुई तब पुल के नीचे लोगों ने ट्रक के अलावा कुछ लोगों को फंसा देखा तो डायल-100 को जानकारी दी गई। डायल-100 ने चोपना थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी को सूचना देकर इस आशय के बारे में बताया।
+ There are no comments
Add yours