- शासकीय कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय वेबिनार एवं पुस्तक विमोचन समारोह सम्पन्न
बैतूल। शासकीय कन्या महाविद्यालय की आईक्यूएसी सेल द्वारा मध्य प्रदेश उच्च शिक्षा क्वालिटी इंप्रूवमेंट प्रोजेक्ट एवं इग्नू के सहयोग से मंगलवार को इन्हेंसिंग एम्पलाईबिलिटी थ्रो एड ऑन प्रोग्राम्स ऑफ ओडीएल (ओडीएल के कार्यक्रमों पर ऐड के माध्यम से रोजगार में वृद्धि) विषय पर एक वेबिनार का आयोजन किया गया। वेबिनार में छात्र छात्राओं को स्वरोजगार को लेकर आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्य रूप से रोजगार मूलक दूरस्थ शिक्षा द्वारा शॉर्ट टर्म कोर्सेज, सर्टिफिकेट कोर्सेज, डिप्लोमा कोर्सेज इत्यादि के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुए प्राचार्य डॉ.विद्या चौधरी ने बताया कि परम्परागत कोर्स के साथ दूरस्थ शिक्षा से इग्नू द्वारा शॉर्ट टर्म सर्टिफिकेट कोर्स से ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र छात्राओं को रोजगार की संभावना भी बढ़ेगी। इग्नू भोपाल के क्षेत्रीय संचालक डॉ.उमेश चंद्र पांडे ने इग्नू एवं इसके दूरस्थ शिक्षा पाठ्यक्रमों का महत्व बताया। क्षेत्रीय उप संचालक डॉ.अंशुमान उपाध्याय ने दूरस्थ शिक्षा पाठ्यक्रमों द्वारा रोजगार की संभावनाओ पर प्रकाश डाला। क्षेत्रीय उप संचालक श्रीमती स्मृति गार्गव एवं कुमुद वर्मा द्वारा इग्नू की अन्य छात्र उपयोगी जानकारियां दी गयी।कार्यक्रम के संयोजक एवं संचालक आइक्यूएसी प्रभारी डॉ.आशीष गुप्ता ने बताया कि इस वेबीनार में लगभग 500 प्रतिभागियों ने अपना पंजीकरण कराया। वेबिनार में विस्तार से एडमिशन एवं विभिन्न प्रकार के सर्टिफिकेट कोर्स के बारे में बताया गया। एससी एसटी के विद्यार्थियों को विशेष निशुल्क योजनाओ के बारे में भी बताया गया। आभार प्रदर्शन प्रोफेसर विनोद अडलक द्वारा किया गया।
पुस्तक का किया विमोचन

इसी उपलक्ष में गत दिवस संपन्न हुए राष्ट्रीय वेबिनार में प्राप्त हुए शोध पत्रों एवं शोध सारांश के संकलन को एक पुस्तक के रूप में आईएसबीएन नंबर के साथ एक प्रतिष्ठित प्रकाशन से प्रकाशित कर पुस्तक विमोचन का समारोह भी संपन्न किया गया। भारतीय समाज में महिलाओं का बदलता परिदृश्य विषय पर लगभग 60 शोध पत्रों एवं शोध सारांश का संकलन एक पुस्तक के रूप में किया गया। इस पुस्तक का संपादन डॉ.आशीष गुप्ता एवं डॉ.साधना डेहरिया ने किया। इस पुस्तक का विमोचन प्राचार्य डॉ.विद्या चौधरी एवं प्रभारी डॉ.आशीष गुप्ता द्वारा समस्त स्टाफ की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सारे शैक्षणिक स्टाफ का सहयोग सराहनीय रहा।
+ There are no comments
Add yours