भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 नवंबर को भोपाल आ रहे हैं। वह यहां जनजातीय सम्मेलन में शिरकत करेंगे। इसके बाद रानी कमलापति स्टेशन (पहले हबीबंज) का लोकार्पण करेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर तैयारियां देखीं। CM के साथ मंत्री भूपेंद्र सिंह, DGP विवेक जौहरी, कलेक्टर भोपाल अविनाश लवानिया समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मोदी के कार्यक्रम को लेकर सिक्योरिटी पर फोकस है। रविवार को सुरक्षा एजेंसियों ने डमी फ्लीट का ग्रैंड रिहर्सल किया। बरकतउल्ला विश्वविद्यालय से रानी कमलापति रेलवे स्टेशन तक रिहर्सल किया गया। इस दौरान जिस मार्ग से कारकेड निकला, उस समय ट्रैफिक रोक दिया गया। इससे तिराहे-चौराहों पर वाहनों की कतार लग गई। हालांकि, जाम के हालात नहीं बने।
इसकी बड़ी वजह रविवार को अवकाश की वजह से लोगों का बाहर नहीं निकलना रहा। पुलिस ने भी रिहर्सल के दौरान थोड़ी देर के लिए ही ट्रैफिक को रोका। जैसे ही कारकेड गुजरा, इसके बाद ट्रैफिक शुरू कर दिया गया। इससे आम वाहन चालकों को परेशानी नहीं हुई। बागसेवनिया थाने से पहले और हबीबगंज अंडरब्रिज के पास ही सिर्फ वाहनों की कतारें लगीं। वह भी 10-15 मिनट के लिए।
मोदी का तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया जा रहा है। आंतरिक सुरक्षा के पहले घेरे में SPG कमांडो, दूसरी-तीसरी सुरक्षा में MP ATS के कमांडो, केंद्रीय खुफिया एजेंसी के साथ और सेंट्रल पैरामेलेट्री फोर्स के जवान शामिल रहेंगे। हॉक फोर्स के कमांडो भी पुलिस को मिले हैं। केंद्रीय खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। SPG ही सभी सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देगी।
इनके अलावा 2 IG, 5 DIG, 20 SP, 35 एडिशनल SP, करीब 80 DSP सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। मोदी के आगमन को देखते हुए पूर्व से ही शहर भर के आयोजनों को रद्द करने के साथ ही राजनीतिक गतिविधियों को रोक दिया गया है। इसके लिए प्रशासन की ओर से लगातार मौका मुआयना किया जा रहा है।
+ There are no comments
Add yours