भोपाल.देश में लॉक डाउन (Lockdown) 2.0 खत्म होने के बाद 4 मई से लॉक डाउन 3.0 शुरू हो रहा है. लोग इस बात को लेकर चिंतित हैं कि आखिर हालात कब सामान्य होंगे. लेकिन जरा सोचिए कि उनके बारे में जिनमें कोरोना पॉजिटिव (Corona positive) होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इस आशंका में वो क्वॉरेंटीन सेंटर में रहने के लिए मजबूर हैं. उनकी मानसिक स्थिति क्या होगी?
हालात को थोड़ा आसान बनाने के लिए मध्यप्रदेश में एक अनूठी पहल हुई है. जहां लोगों को खुश करने के लिए क्वॉरेंटीइन सेंटर्स में मनोरंजन किया जा रहा है. इन सेंटर्स में लोगों को खुश रखने के लिए हो रही कोशिशों में कुछ चेहरे अपनी ओर सबका ध्यान खींच रहे हैं. इन्हीं में से एक चेहरा है प्रकाश पगारे का. प्रकाश पगारे स्टैंड अप कॉमेडियन है और सेंटर्स में लोगों का मनोरंजन कर रहे हैं. खास बात यह है कि प्रकाश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की आवाज हूबहू निकालते हैं. प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की आवाज जब क्वॉरेंटीइन सेंटर्स में मौजूद लोग सुनते हैं तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहता. प्रकाश सिर्फ लोगों का मनोरंजन ही नहीं करते बल्कि उन्हें ऐसे मोटिवेशनल स्पीच भी पीएम और सीएम की आवाज में सुनाते हैं जिससे लोगों का मनोबल बढ़ता है.
कौन हैं प्रकाश?
बीते 15 साल से भोपाल में रहकर स्टैंड अप कॉमेडी कर रहे प्रकाश जाने माने कलाकार हैं. वो करीब 50 नेता और अभिनेताओं की आवाज को हूबहू निकाल सकते हैं. उन्होंने कपिल शर्मा और राजू श्रीवास्तव जैसे हास्य कलाकारों के साथ भी काम किया है. प्रकाश का कहना है क्वॉरेंटीन सेंटर्स में सस्पेक्टेड लोगों के बीच जाना थोड़ा डर भरा जरूर होता है. लेकिन आपदा की इस घड़ी में अगर मैं कुछ पल लोगों को खुशी के दे पा रहा हूं तो यह मेरी उपलब्धि है.

एमपी में अनूठी पहल
शुरुआती दौर में जिन शहरों में क्वॉरेंटीइन सेंटर्स में मनोरंजन की व्यवस्था शुरू की गई है उनमें भोपाल, इंदौर और उज्जैन के 18 सेंटर्स शामिल हैं. इसी तरह की पहल बाकी क्वॉरेंटीन सेंटर्स में भी की जाएगी. ताकि वहां खुशनुमा माहौल दिया जा सके.
मनोरंजन और मनोबल बढ़ाने का इंतज़ाम
क्वारेंटीन सेंटर्स पर केबल कनेक्शन सहित टेलीविजन सेट लगाए गए हैं. जिनमें फिल्में, गाने, रामायण जैसे सीरियल दिखाए जा रहे हैं. इन केंद्रों पर इंडोर खेल एक्टिविटी भी हो रही हैं.इसके लिए खेल सामान की किट भी दी गई हैं. ये खेल ऐसे हैं, जिन्हें सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए खेला जा सकता है. इसके साथ ही आर्केस्ट्रा, मिमिक्री, कॉमेडियन भी संदिग्ध मरीज़ों का मनोरंजन कर रहे हैं.
+ There are no comments
Add yours