- समूचे जिले में रोको-टोको अभियान जारी
- बैतूल के शॉपिंग मॉल में की गई डबल डोज लगवाने की जांच
बैतूल। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन लोगों को बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए सतत प्रयास कर रहा है। लोगों से अपील की गई है कि वे सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के साथ-साथ मास्क एवं सैनिटाइजर का उपयोग अवश्य करें। समूचे जिले में रोको-टोको अभियान संचालित कर लोगों को मास्क लगाने एवं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की समझाइश दी जा रही है। जो लोग मास्क नहीं लगा रहे हैं, उन पर 100 रुपए तक का जुर्माना किए जाने की मुहिम को तेज किया जाएगा।
कलेक्टर श्री अमनबीर सिंह बैंस के निर्देश पर बुधवार को बैतूल नगर में रोको-टोको अभियान चलाकर लोगों को मास्क पहनने की समझाइश दी गई। इस दौरान नायब तहसीलदार सुश्री सृष्टि डेहरिया की टीम ने न्यू बैतूल स्कूल में संचालित मेला एवं नगर के शॉपिंग मॉल्स में पहुंचकर कर्मचारियों को कोविड टीके के दोनों डोज लगे होने की जांच की। इसके अलावा रेल्वे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों की सैम्पलिंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
मंगलवार एवं बुधवार को जिले के मुलताई, भैंसदेही, शाहपुर एवं बैतूल अनुभाग अंतर्गत भी राजस्व अधिकारियों द्वारा लगातार भ्रमण कर लोगों को मास्क लगाने की समझाइश दी गई। साथ ही कोरोना से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। भीमपुर में भी रोको-टोको अभियान चलाकर लोगों को मास्क लगाने एवं कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की समझाईश दी गई। इसी तरह घोड़ाडोंगरी में भी बाजार क्षेत्र में अधिकारियों द्वारा भ्रमण कर लोगों मास्क लगाने एवं कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की समझाईश दी गई।
+ There are no comments
Add yours