भोपाल. मध्य प्रदेश में लॉकडाउन की अवधि बढ़ायी जा सकती है. सीएम शिवराज सिंह चौहान ने फिर इसके संकेत दिए हैं. इस पूरे फैसले को लेकर वह पीएम मोदी और केंद्रीय मंत्री अमित शाह के संपर्क में हैं. इस बीच प्रदेश के उन 18 ज़िलों में हॉटस्पॉट की पहचान की जा रही है जहां तेज़ी से कोरोना का संक्रमण बढ़ रहा है. मुख्यमंत्री ने बीजेपी विधायक और जिला अध्यक्षों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में इसके संकेत दिए. आज की इस वीसी में कांग्रेस छोड़ बीजेपी में आए पूर्व विधायक भी शामिल हुए.
प्रदेश में कोरोना वायरस के तेजी से पैर पसारने के कारण मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फिर संकेत दिए हैं कि पूरे प्रदेश में 14 अप्रैल के बाद भी लॉकडाउन की अवधि बढ़ सकती है. इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित 18 जिलों में भी लॉकडाउन सख्ती से लागू करने की तैयारी कर ली है. सीएम शिवराज ने अफसरों को 18 जिलों में हॉटस्पॉट की पहचान कर उन इलाकों को सील कर सेनेटाइज किया जाए. हर एक संदिग्ध कोरोना पॉजिटिव की पहचान कर उसका फौरन चैकअप किया जाए. जरूरत पड़ने पर तत्काल इलाज कराया जाए.
पीएम मोदी और शाह से संपर्क
मुख्यमंत्री ने आज बीजेपी विधायक और जिला अध्यक्षों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस बात के संकेत दिए हैं. प्रदेश में 14 अप्रैल के बाद भी लॉकडाउन आगे बढ़ाया जा सकता है. इस पूरे फैसले को लेकर वह पीएम मोदी और केंद्रीय मंत्री अमित शाह के संपर्क में हैं. मुख्यमंत्री ने राजस्थान के भीलवाड़ा में कोरोना के फॉर्मूले पर प्रदेश में अमल करने की बात भी कही है.सीएम ने लॉकडाउन के दौरान मुनाफाखोरी की शिकायतों को भी गंभीरता से लिया है. विधायकों की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने मुनाफाखोरों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है.
ट्रांसफार्मर बदले जाएंगे
सीएम शिवराज ने विधायकों की मांग पर कहा जहां से भी ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायत मिलेगी उसे तत्काल बदला जाएगा. कंट्रोल दुकानों में गड़बड़ी की शिकायत पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में बीजेपी विधायकों से अपील की है कि उनके संपर्क में यदि कोई व्यक्ति बीमार या उसमें कोरोना वायरस के लक्षण मिले, उनका इलाज कराया जाए.
APL धारकों को अनाज देने के निर्देश
कोरोना संकट में बीपीएल के साथ एपीएल धारक को भी 5 किलो प्रति व्यक्ति अनाज देने के निर्देश जारी किए गए हैं.
+ There are no comments
Add yours