- प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह का बयान; जिला अध्यक्ष और जिला प्रभारी काम करते रहेंगे
भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी जितेंद्र सिंह ने ये जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि आगामी आदेश तक जिला अध्यक्ष और प्रभारी काम करते रहेंगे। अब नए सिरे से नियुक्तियां होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा- वर्तमान दौर संघर्ष और चुनौती भरा है, लेकिन असंभव कुछ नहीं है। हम समर्पण भाव से ‘मैं नहीं हम’ को सर्वोपरि मानकर एकजुटता के साथ काम करेंगे। हाल ही में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने कमलनाथ की जगह जीतू पटवारी को प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया था। जबकि रणदीप सुरजेवाला की जगह भंवर जितेंद्र सिंह को मध्यप्रदेश का प्रभारी बनाया गया। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद जितेंद्र सिंह मंगलवार को भोपाल पहुंचे। जहां उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में बैठक ली।
बैठक में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव और सुरेश पचौरी मौजूद रहे।
एमपी कांग्रेस में 105 प्रदेश महासचिव हैं। 50 प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। उपाध्यक्षों में अजय चौरडिया, अभय दुबे, राजीव सिंह, जेपी धनोपिया, अर्चना जायसवाल, चंद्रप्रभाष शेखर, दीपक सक्सेना, गोविन्द गोयल जैसे नाम शामिल हैं। प्रदेश महासचिव, प्रदेश सचिव, सह सचिव समेत तमाम पदाधिकारियों समेत प्रदेश कार्यकारिणी भंग की गई है।
विधानसभा चुनाव के दौरान बड़े पैमाने पर प्रदेश स्तर पर पदाधिकारियों की नियुक्तियां की गई थी। चुनाव के दौरान जो नियुक्तियां हुई उनकी फाइनल संख्या और डिटेल PCC के पास उपलब्ध नहीं हैं। पीसीसी के पदाधिकारियों का कहना है कि जब प्रदेश अध्यक्ष बदलते हैं तो स्वाभाविक तौर पर प्रदेश कार्यकारिणी भी भंग कर नए सिरे से गठित की जाती है।
छतरपुर जिला अध्यक्ष बोले- पार्टी को अपनों ने ही हरवाया
इससे पहले कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय (PCC) में जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों की बैठक हुई। जिसमें छतरपुर के जिलाध्यक्ष महाप्रसाद पटेल ने कहा, ‘पार्टी को अपने ही लोगों ने हरवाया है। हम भाजपा से नहीं, कांग्रेस से हारे हैं। संगठन में नियुक्तियां हो जाती हैं, प्रभारी को पता तक नहीं होता। राजस्थान में भाजपा ने पहली बार के विधायक को CM बना दिया। सभी को तवज्जो दी जानी चाहिए। बड़े नेताओं को लोकसभा चुनाव लड़ाना चाहिए। टिकट जल्द घोषित करें।’
बैठक कांग्रेस के नवनियुक्त मध्यप्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह ने ली। मंगलवार को बैठक से पहले उन्होंने PCC में कहा, ‘कांग्रेस पार्टी विधानसभा चुनाव में अच्छा परफॉर्मेंस नहीं दे पाई, लेकिन इस बात की खुशी है कि कार्यकर्ताओं में अभी भी बहुत जोश है।’ प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, ‘विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 40% मत मिला है। इसके आधार पर हम आगे रूटमैप तैयार करेंगे।’
पटेल बोले- कोई मोदी लहर नहीं
बातचीत में छतरपुर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष महाप्रसाद पटेल ने कहा, ‘छतरपुर के किसी भी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को 50 हजार से कम वोट नहीं मिले। कांग्रेस को कांग्रेस ने ही हराया। कुछ लोग इसी में ताकत लगाते रहे कि कैसे हराएं, जिताने में ताकत नहीं लगाई।’ सीनियर लीडर को लोकसभा चुनाव लड़ाने की बात रखने पर बोले, ‘कहीं मोदी लहर नहीं है। भाजपा वाले मोदी लहर बनाते हैं। छतरपुर की ही बात करें तो 8 विधानसभा में 50-50 हजार वोट मिले, यानी 4 लाख वोट हमारे पास हैं। खजुराहो लोकसभा में सबसे अच्छे प्रत्याशी आलोक चतुर्वेदी रहेंगे। मेरा मानना है कि वे जीतेंगे।’ बैठक में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी, अरुण यादव, सज्जन सिंह वर्मा, डॉ. गोविंद सिंह समेत दूसरे नेता मौजूद रहे।
बैठक में किसने-क्या कहा…
पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने कहा, कई नेताओं ने प्रदेश प्रभारी जितेंद्र भंवर सिंह से चुनाव में भितरघात करने की लिखित में शिकायत की है। जिन्हें टिकट नहीं मिला, उन्होंने उम्मीदवारों को नुकसान पहुंचाया है। पार्टी इस मामले में निर्णय लेगी, ताकि 2024 में हम बीजेपी को हरा सके।
टीकमगढ़ जिलाध्यक्ष नवीन साहू ने कहा, ‘जो विधायक चुनाव जीते हैं, वे कांग्रेस का कार्यालय क्यों नहीं बनवाते? हमारे यहां कई बार नेता चुनाव जीते, मंत्री भी बने लेकिन कांग्रेस का कार्यालय नहीं बनवाया।’
एक पदाधिकारी ने कहा, ‘जिलाध्यक्ष या शहर अध्यक्ष पर हार का ठीकरा फोड़ना ठीक नहीं। ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति विधायक, पूर्व विधायक की पसंद से होती है। ये लोग संगठन की बैठकों में आते नहीं। धरना-प्रदर्शन, चक्काजाम जिलाध्यक्ष के जिम्मे होते हैं। ऐसे में हार पर सबकी जिम्मेदारी फिक्स होनी चाहिए।’
जितेंद्र बोले- शिवराज को साइड कर दिया
बैठक से पहले जितेंद्र सिंह ने मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल में गोपाल भार्गव को शामिल नहीं किए जाने पर कहा, ‘यह भाजपा का अंदरूनी मामला है, लेकिन व्यक्तिगत रूप से मुझे दुख होता है। बहुत सारे सीनियर लोग हैं, चाहे विजयवर्गीय हों, पटेल हों, तोमर हों और खासतौर पर शिवराज सिंह चौहान… जिनको आगे रखकर चुनाव लड़ा गया, उनको एक तरह से साइड में कर दिया गया।’
पटवारी बोले- आशा है कि वादों पर निर्णय लेगी कैबिनेट
PCC चीफ जीतू पटवारी ने कैबिनेट विस्तार पर कहा, ‘हमें आशा है कि किसानों को गेहूं का दाम 2700 रुपए प्रति क्विंटल और धान का दाम 3100 रुपए प्रति क्विंटल दिया जाएगा। बहनों को 3000 रुपए का शिवराज सिंह चौहान ने जो चिल्ला-चिल्ला कर लाड़-प्यार का रोना गाना गाया था, सारे निर्णय यह कैबिनेट लेगी।’
जीतू पटवारी ने PCC के राजीव गांधी सभागार में बैठक शुरू होने के पहले उन कार्यकर्ताओं को बाहर कर दिया, जो आमंत्रित नहीं किए गए थे।
+ There are no comments
Add yours