बैतूल। नेशनल हाईवे 69 पर फ्लाई ऐश से भरा ट्रक बोलेरो पर पलट गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दूसरा बाल-बाल बच गया। घटना में ट्रक का ड्राइवर भी घायल हुआ है। घटना बरेठा घाट की है। जहां ट्रक के ब्रेक फैल होने से यह हादसा हुआ।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को फ्लाई ऐश से भरा ट्रक बैतूल से भोपाल की ओर जा रहा था। इसी बीच बरेठा घाट के निचले मोड़ पर अचानक ब्रेक फेल होने से यह अनियंत्रित होकर दूसरी तरफ से आ रही बोलेरो जीप पर पलट गया। इस हादसे में बोलरो जीप पूरी तरह पिचक गई। जिसमें बोलेरो के ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरे को फंसी हालत में राहगीरों ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला।
इस दुर्घटना में ट्रक का ड्राइवर भी घायल हुआ है। जिसके चेहरे पर चोट आई है। उसे एंबुलेंस से बैतूल भेजा गया है। घटना की जानकारी मिलते ही शाहपुर थाने से पुलिस बल मौके पर रवाना हो गया था। जबकि चिचोली बैठक में शामिल होने गए एसडीओपी एचएल शर्मा, टीआई एआर खान भी मौके पर पहुंच गए।
कृषि विभाग का वाहन हुआ हादसे का शिकार
इस दुर्घटना में जो बोलेरो वाहन ट्रक के नीचे दबकर हादसे का शिकार हुआ वह कृषि विभाग का था। जिसमें ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अपने ड्राइवर के साथ भ्रमण से लौट रहे थे। इस हादसे में वाहन का चालक बैतूल निवासी प्रेमशंकर दुबे की मौत हो गई है। जबकि ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सुनील कुमार सलामे को घायल हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

+ There are no comments
Add yours