बैतूल में यातायात सुधार के लिए आज से शुरू होगा अतिक्रमण हटाओ अभियान

Estimated read time 1 min read
  • सीएमओ नवनीत पांडेय के आदेश पर मुख्य सड़कों से हटेंगी फल-सब्जी और अन्य दुकानें
  • तीन जोन में बंटा शहर, तय स्थानों पर शिफ्ट होंगे सभी विक्रेता

बैतूल। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और मुख्य सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण को नियंत्रित करने के लिए नगर पालिका परिषद बैतूल आज 19 अप्रैल से विशेष अभियान शुरू करेगी। सीएमओ नवनीत पांडेय के आदेश पर सड़कों पर अव्यवस्थित रूप से लग रही फल, सब्जी व अन्य दुकानों को हटाकर नगर पालिका द्वारा निर्धारित स्थलों पर व्यवस्थित किया जाएगा।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए शहर को तीन क्षेत्रों में बांटकर अतिक्रमण दल गठित किए गए हैं। गंज क्षेत्र के परशुराम चौक, कॉलेज रोड, बाबू चौक, नंदी चौक और आसपास से हटाए गए विक्रेताओं को गंज प्राथमिक शाला की रिक्त भूमि पर शिफ्ट किया जाएगा। कोठी बाजार क्षेत्र के गणेश चौक, कमानी गेट, थाना चौक, बस स्टैंड और नगर पालिका गेट के दुकानदारों को ज्योति टॉकिज के सामने टंकी के पास स्थित रिक्त भूमि पर व्यवस्थित किया जाएगा। सदर क्षेत्र के नेहरू पार्क चौक, कारगिल चौक, पीडब्ल्यूडी चौक और महाजन चौक के विक्रेताओं को सदर बैल बाजार की रिक्त भूमि पर स्थानांतरित किया जाएगा।
पूरी व्यवस्था की निगरानी के लिए राजस्व निरीक्षक ब्रजगोपाल परते को नोडल अधिकारी और राजस्व उपनिरीक्षक अखिलनीलकण्ठ राय को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। इनके साथ राजस्व अमले की टीमें फील्ड में तैनात रहेंगी। अभियान प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे से 11:00 बजे तक लगातार चलाया जाएगा। नगर पालिका प्रशासन ने सभी दुकानदारों से सहयोग की अपील की है ताकि शहर में यातायात सुगम हो और नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।

More From Author

+ There are no comments

Add yours