बैतूल के पूर्व सांसद को नई जिम्मेदारी: भाजपा ने हेमंत को कुशाभाऊ ठाकरे जन्म शताब्दी समारोह समिति का सचिव बनाया, सुमित्रा महाजन अध्यक्ष और सीएम सदस्य

Estimated read time 0 min read

बैतूल। बैतूल के पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक और नई जिम्मेदारी दी है। प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने उन्हें पार्टी के पितृ पुरूष कुशाभाऊ ठाकरे की स्मृति में साल भर होने होने वाले आयोजन के लिए समारोह समिति का सचिव बनाया गया है। वे आयोजन समित के संयोजक भी होंगे। नई जिम्मेदारी मिलने पर हेमंत ने कहा कि पार्टी के दायित्वों का निर्वहन करना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। वे इन्हें कार्यकर्ता की तरह निभाते रहेंगे। बता दें कि हाल ही में पार्टी ने हेमंत को यूपी चुनाव में 15 जिलों के कार्यकर्ताओं के समन्वय की भी जिम्मेदारी दी थी।

ठाकरे जी भाषण से नहीं आचरण से सिखाते थे
बैठक में सीएम शिवराज ने कहा कि मप्र की राजनीति में किसी भी दल का कोई व्यक्ति ऐसा नहीं है जो ठाकरे जी के प्रभाव से अछूता रहा हो। ठाकरे जी ऐसा व्यक्तित्व थे जिसमें लाखों कार्यकर्ताओं को गढ़ने का प्रयास किया। वो सांसद, विधायक, संगठक, अध्यक्ष, कार्यकर्ता, और मुख्यमंत्री बनाते थे। सीएम ने ठाकरे जी से जुड़ा संस्मरण सुनाते हुए कहा कि कार्यकर्ता को कब, क्या संदेश देना है यह ठाकरे जी अपने भाषण से नहीं आचरण से सिखाते थे।

सदस्यों ने कार्यक्रमों को लेकर दिए सुझाव
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने बताया कि समारोह समिति में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन को अध्यक्ष बनाया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस समिति के सदस्य होंगे। समिति में सदस्यों के रूप में ठाकरे जी के संपर्क में रहे पार्टी के वरिष्ठ नेता, पत्रकार सहित अन्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बैठक में जन्म शताब्दी वर्ष में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा हुई। समिति के सदस्यों ने कार्यक्रमों को लेकर अपने सुझाव भी दिए।

समिति की पहली बैठक आयोजित
भाजपा प्रदेश कार्यालय में शनिवार को पार्टी के पितृपुरूष स्व. कुशाभाऊ ठाकरे जन्मशताब्दी वर्ष के अंतर्गत होने वाले समारोह समिति की पहली बैठक संपन्न हुई। बैठक को लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष व कुशाभाऊ ठाकरे जन्म शताब्दी समारोह समिति की अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने संबोधित किया। पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, सह संगठन महामंत्री हितानंद भी उपस्थित थे।

More From Author

+ There are no comments

Add yours