बाहरी राज्यों अथवा जिलों में मजदूरी के लिए जाने वाले श्रमिकों को मिलेगी सुरक्षा

Estimated read time 1 min read
  • ग्राम पंचायतों में प्रवासी श्रमिकों की जानकारी संधारित की जाएगी
  • गूगल शीट पर दर्ज होगा प्रवासी श्रमिकों का डाटा
  • हेल्पलाइन नंबर जारी

बैतूल। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से अन्य राज्यों अथवा जिलों में मजदूरी व अन्य कार्य के लिए जाने वाले लोगों की प्रत्येक ग्राम पंचायत में जानकारी संधारित की जाएगी। साथ ही गूगल शीट पर भी प्रवासी श्रमिक डेटाबेस तैयार किया जाएगा। प्रवासी श्रमिकों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। बाहर मजदूरी के लिए गए श्रमिक मदद के लिए इन हेल्पलाइन दूरभाष नंबरों का उपयोग कर सकेंगे।
कलेक्टर श्री अमनबीर सिंह बैंस ने बताया कि उपरोक्त डाटाबेस तैयार करने का उद्देश्य जिले से अन्य राज्यों अथवा जिलों में मजदूरी हेतु जाने वाले मजदूरों को शोषण से बचाना है। साथ ही बंधक बनाकर काम किए जाने की स्थिति से भी सुरक्षा प्रदान करना है। बाहर मजदूरी के लिए जाने वाले श्रमिकों के संस्थानों का पता एवं अन्य आवश्यक जानकारियां ग्राम स्तर पर न होने के कारण उनसे संबंधित शिकायतों के निराकरण में कठिनाई आती है। श्री बैंस ने बताया कि उपरोक्त समस्या को ध्यान में रखते हुए श्रम विभाग की मदद से प्रत्येक ग्राम/ग्राम पंचायत में प्रवासी श्रमिकों की पंजी का संधारण किये जाने के निर्देश दिए गए हैं। ग्राम पंचायत द्वारा उपरोक्त पंजी में प्रवासी श्रमिक का नाम, पता, मोबाइल नंबर, मजदूरी हेतु जाने वाले राज्य/जिले का नाम एवं पता, कार्य का प्रकार, संभावित अवधि-जिसके लिए श्रमिक कार्य करने जा रहा है, वापस आने की संभावित दिनांक, नियोक्ता/ठेकेदार जिसके यहां श्रमिक कार्य करने जा रहा है उसका नाम, पता एवं मोबाइल नंबर संधारित किए जाएंगे।

हेल्पलाइन नंबर
जिले में प्रवासी श्रमिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं, जिनमें पुलिस कंट्रोल रूम का नंबर 07049101017 है। इसी तरह श्रम विभाग का दूरभाष नंबर 07141-238384 है। इसके अतिरिक्त गैर सरकार संगठन जन साहस के टोल फ्री नंबर- 1800 2000 211 पर भी श्रमिक अपनी समस्या अथवा शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
समाचार क्रमांक/36/1709/09/2021

More From Author

+ There are no comments

Add yours