- 16 जून तक सतत चलेगा अभियान, आम लोगों के सहयोग से किया जा रहा जल स्त्रोतों का पुनर्जीवन।
सारनी। नगर पालिका परिषद सारनी द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल स्त्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए शुक्रवार 14 जून को श्रमदानियों के साथ सुबह 8 बजे से वार्ड 23 स्थित सार्वजनिक कुएं की श्रमदान से सफाई की गई। बिना मुंडेर के इस कुएं की सफाई के बाद बागड़ लगाकर सुरक्षित किया गया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी सी.के. मेश्राम ने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नगर पालिका द्वारा जलस्त्रोतों के संवर्धन एवं पुनर्जीवन हेतु सतत अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार 14 जून को वार्ड क्रमांक 23 के सार्वजनिक कुएं की श्रमदान कर सफाई की गई। वार्ड के लोग उक्त कुएं के पानी का उपयोग निस्तारी के लिए करते हैं। सुबह 8 बजे से 11 बजे तक श्रमदान कर सफाई का कार्यक्रम चला। इस मौके पर वार्ड 23 की पार्षद अनिता बेलवंशी, उपयंत्री रविंद्र वराठे, कमलेश पटेल समेत अन्य लोग उपस्थित थे। कुएं के आस-पास लगी घास, झाड़ियों को श्रमदान के माध्यम से सफाई की गई। कुआं काफी पुराना है एवं इस पर मुंडेर नही है। इसलिए इसके आस-पास बांस-बल्लियों की मदद से बागड़ तैयार की गई। इस अवसर पर सभी को पानी संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। नोडल अधिकारी कमलेश पटेल ने बताया कि नगर पालिका द्वारा अभियान के तहत प्रतिदिन जलस्त्रोतों की सफाई की जा रही है। जल गंगा अभियान का समापन रविवार 16 जून गंगा दशमी के अवसर पर छठ पूजा घाट पर किया गाएगा। अभियान में प्रतिभागी करने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा।
+ There are no comments
Add yours