चोरों के निशाने पर जिला अस्पताल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

Estimated read time 0 min read

बैतूल। जिला अस्पताल बैतूल की सुरक्षा में चूक होने का मामला सामने आया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जिला अस्पताल के 10 नंबर कमरे से एक पर्दा चोरी गया है, वहीं आज सुबह दो महिलाएं पुराने टीबी वार्ड के पास रखी बैटरी चुराने का प्रयास कर रही थी। किसी के देखने पर वह बैटरी छोड़कर भाग गई। इसकी सूचना डॉयल 100 को भी दी गई है। इस घटना की सिविल सर्जन डॉ. प्रदीप धाकड़ ने अस्पताल चौकी में शिकायत भी दर्ज कराई है। इस घटना से जिला अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे है। बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक निजी कंपनी के माध्यम से 17 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए है, जिन पर प्रतिमाह लाखों रूपए की सरकारी राशि खर्च की जा रही है। इसके बावजूद ऐसी घटनाओं से जिला अस्पताल प्रशासन और इसकी देखरेख करने वाले चिकित्सक की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। इस संबंध में डॉ. प्रदीप धाकड़ का कहना है कि पर्दा चोरी होने का मामला संज्ञान में आया था, जिसकी सूचना अस्पताल चौकी को दी गई है, साथ ही जिन गार्डों की ड्यूटी थी, उनसे भी पूछताछ की जा रही है। शिकायत के संबंध में अस्पताल चौकी के प्रभारी सुरेन्द्र वर्मा का कहना है कि उन्हें एक पत्र मिला है, जिसमें आज सुबह दो महिलाएं टीबी वार्ड के पास स्टोर में रखी खराब बैटरियों को ले जाने की कोशिश कर रही थी। इस चोरी की वारदात पर किसी की नजर पड़ जाने पर महिलाएं बैटरी छोड़कर भाग गई। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

More From Author

+ There are no comments

Add yours