को-वैक्सीन ट्रायल का दूसरा दिन : 80 साल के रिटायर्ड अफसर से लेकर स्टूडेंट तक ने लगवाया टीका

Estimated read time 1 min read

भोपाल. राजधानी भोपाल में चल रहे कोरोना वैक्सीन के ट्रायल के दूसरे दिन 80 साल के रिटायर्ड अफसर से लेकर युवाओं तक ने समाज के लिए अपनी सेवा दी. मंत्री विश्वास सारंग ने भी वैक्सीन ट्रायल की व्यवस्था का जायजा लिया. सारंग ने कहा प्रदेश की जनता को कोरोना वैक्सीन फ्री में दी जाएगी. पीपुल्स मेडिकल कॉलेज में कोरोना वैक्सीन का ट्रॉयल चल रहा है. पीपुल्स यूनिवर्सिटी के वी सी राजेश कपूर ने कहा को वैक्सीन के ट्रायल के दूसरे दिन बुजुर्ग से लेकर युवा और हर वर्ग के लोगों ने उत्साह से खुद पर ट्रायल के लिए पेशकश की. हमारी आम जनता से अपील है कि वह ट्रायल के लिए स्वेच्छा से यहां पर आए. वैक्सीन का कोई साइड इफेक्ट नहीं है.इसलिए डरने की कोई बात नहीं है. कपूर ने कहा 2 महीने का टारगेट रखा गया है. इन 2 महीने में ट्रायल पूरा करना है. ट्रायल की मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है. वॉलेंटियर के फीडबैक से लेकर उनकी मॉनिटरिंग और उनके स्वास्थ्य का पूरा ख्याल रखा जा रहा है.

एयरफोर्स से लेकर भेल के रिटायर्ड अफसरों तक…
80 साल के वसंत कुमार गर्ग BHEL से रिटायर्ड इंजीनियर हैं.उन्होंने अपने ऊपर को-वैक्सीन का ट्रायल करवाया. उन्होंने कहा मुझे लगा कि मेरा हिस्सा भी समाज सेवा में जुड़ सकता है. इसलिए आया. मानवता के लिए जो भी करना चाहिए वह सब को करना चाहिए. मेरी पारिवारिक जिम्मेदारी पूरी हो गई है, इसलिए मुझे किसी चीज का डर नहीं है. वहीं 64 साल के उदय निवालकर एयरफोर्स के रिटायर्ड अधिकारी हैं. उन्होंने कहा सामाजिक सेवा करना मेरी हॉबी है. अब बोनस की जिंदगी है.मुझे कुछ होता है और मेरे कुछ करने से किसी को बेनिफिट होता है तो यह मेरे लिए सबसे अच्छा है.
युवा इंजीनियर से लेकर स्टूडेंट तक ने लगवाया टीका

भोपाल में रहने वाले स्टूडेंट विवेक कुमार ने कहा मेरे पिता समाजसेवी हैं और उन्होंने कहा कि तुम्हें देश के लिए कुछ करना चाहिए इसलिए उनकी प्रेरणा से मैं वैक्सीन ट्रायल के लिए आया हूं. मेरे दोस्त यहां आने से डर रहे थे मैं अकेला ही यहां पर आया हूं. जीवन दूसरे के लिए नहीं जी पाए तो जीवन किस काम का. वहीं नेटवर्क इंजीनियर निखिल विश्वकर्मा ने कहा जनकल्याण के लिए आगे आया हूं. मुझे देशवासियों की फिक्र है. सभी लोगों को ट्रायल के लिए आगे आना चाहिए. परिवार की अनुमति ली है. स्टूडेंट अरुण मालवीय ने कहा युवाओं को अपनी जिम्मेदारी उठाना चाहिए. युवाओं में शक्ति रहती है.

फ्री में मिलेगी प्रदेश की जनता को वैक्सीन…
पीपुल्स मेडिकल कॉलेज में कोरोना वैक्सीन का ट्रॉयल चल रहा है. इस ट्रायल की व्यवस्था को लेकर मंत्री विश्वास सारंग ने जायजा लिया. सारंग ने कहा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पहले प्रदेश की जनता को फ्री में वैक्सीन देने का ऐलान कर चुके हैं. इसलिए वैक्सीन आने के बाद हमारी सरकार हर एक व्यक्ति को फ्री में वैक्सीन लगाएगी.

More From Author

+ There are no comments

Add yours