खंडवा। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी आज मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं। वे खंडवा से BJP की 5वीं जन आशीर्वाद यात्रा को रवाना करेंगे। उत्कृष्ट विद्यालय में सभा को संबोधित करेंगे। नगर निगम, बांबे बाजार, घंटाघर होते हुए केवलराम चौराहा तक रोड-शो करेंगे। गडकरी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ओंकारेश्वर भी जा सकते हैं। यह यात्रा खंडवा से शुरू होकर बुरहानपुर, खरगोन, धार, बड़वानी, आलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर होते हुए देवास जाएगी। इस दौरान करीब 31 बड़ी सभाएं होंगी। इंदौर में यह यात्रा 18 सितंबर को पहुंचेगी। यहां 3 बड़ी सभाएं होंगी। 17 दिन में यात्रा मालवा-निमाड़ की 42 विधानसभा सीट कवर कर 2 हजार किमी चलेगी। मालवा-निमाड़ में 66 विधानसभा सीट हैं। 2013 में भाजपा को यहां की 57 सीट पर जीत मिली थी। 2018 में भाजपा 27 सीट ही जीत सकी थी।
समापन पर PM मोदी आ सकते हैं
BJP पहली बार मध्यप्रदेश में एक साथ 5 जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रही है। 17-18 दिन में ये सभी यात्राएं 10,543 किलोमीटर की दूरी तय कर 210 विधानसभा सीट को कवर करेंगी। 25 सितंबर को भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ के साथ इन यात्राओं का समापन होगा। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भोपाल आ सकते हैं।
कब और कहां से जन आशीर्वाद यात्रा
- 3 सितंबर (पहली यात्रा): चित्रकूट से शुरू हो चुकी है। यह यात्रा निवाड़ी से होते हुए भोपाल पहुंचेगी। जेपी नड्डा ने इसे रवाना किया।
- 4 सितंबर (दूसरी यात्रा): नीमच से शुरू हुई। रतलाम-मंदसौर की विधानसभाएं कवर करेगी। शुरुआत रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने की।
- 5 सितंबर (तीसरी यात्रा): मंडला से शुरू हुई। जबलपुर होते हुए भोपाल पहुंचेगी। अमित शाह ने इसकी शुरुआत की।
- 5 सितंबर (चौथी यात्रा): शुरुआत श्योपुर के बड़ौदा नगर से अमित शाह ने वर्चुअली की।
- 6 सितंबर (पांचवीं यात्रा): खंडवा से शुरू होगी। बुरहानपुर, खरगोन की भी विधानसभाओं को कवर करेगी।
+ There are no comments
Add yours