कुन्बी समाज के भास्कर मगरदे को भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष की कमान

Estimated read time 0 min read
  • ममता को महिला मोर्चे की कमान

बैतूल। भाजपा के अनुसांगिक संगठन भाजयुमों में लंबी माथा पच्ची के बाद आखिर बैतूल में मासोद के युवा सरपंच भास्कर मगरदे को जिलाध्यक्ष मनोनीत कर दिया गया है। गुरूवार दोपहर युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार ने 10 जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की है, इसमें बैतूल का भी नाम शामिल है। बैतूल में अधिक दावेदार होने के कारण नियुक्ति को होल्ड पर रखा गया था। गुरूवार अधिकांश युवा मोर्चा के जिलाध्यक्षों की नियुक्ति कर दी गई है। इस तरह बैतूल में जिलाध्यक्ष के सशक्त दावेदार विकास प्रधान समेत सुनील अड़लक, लेखचंद यादव, रवि लोट समेत अन्य युवाओं के अरमानों पर पानी फिर गया है। 
भाजपा जिलाध्यक्ष के बाद भाजयुमो जिलाध्यक्ष का पद काफी महत्वपूर्ण होता है। यही वजह है कि जिले के सशक्त युवा को युवा मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाने की कवायद लंबे समय से चल रही है, लेकिन यहां आधा दर्जन गंभीर दावेदार होने के कारण मामला उलझा हुआ था। दो दिन पहले भोपाल से खबर छनकर आ रही थी कि आदिवासी चेहरा और भाजपा जिलाध्यक्ष के करीबी विकास प्रधान का नाम तय हो गया, केवल घोषणा बाकी रह गई है। इसके उलट गुरूवार प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार ने जब 10 जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा की तब इसमें बैतूल से भास्कर मगरदे का नाम सामने आया। हालांकि भास्कर मगरदे कुन्बी समाज से होने के कारण पहले ही सशक्त दावेदार माने जा रहे थे। लो प्रोफाईल होने के साथ मासोद क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए कार्य के अलावा उनकी सक्रियता का ईनाम युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष के रूप में मिला है। समाजसेवा के रूप में भी श्री मगरदे की जिले में अच्छी पैठ है। 
सबको साथ लेकर चलूंगा: भास्कर
अपनी नियुक्ति पर नवनियुक्त युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मगरदे ने कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा किया है उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। उन्होंने संगठन के प्रदेश अध्यक्ष समेत बैतूल जिलाध्यक्ष, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायकों का भी आभार मानते हुए कहा है कि वे युवा मोर्चा को जिले में अलग पहचान देने का काम करेंगे। युवाओं की सशक्त टीम के माध्यम से सभी को साथ लेकर पूरे प्रदेश में जिले को अव्वल बनाने का काम किया जाएगा। युवाओं की टीम के साथ मिलकर राजनीति और समाजसेवा में भी आयाम स्थापित करेंगे। उन्होंने अभी नियुक्ति पर सभी वरिष्ठोंं का आभार माना है।
ममता को महिला मोर्चे की कमान
भाजपा के एक अनुसांगिक संगठन महिला मोर्चा में भी नए अध्यक्ष मिल गया है। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया ने आज घोषित तीन जिलाध्यक्षों में बैतूल की ममता मालवीय को जिलाध्यक्ष बनाया है। इससे पहले रश्मि साहू यह कमान संभालते आ रही है। शंकर वार्ड की पूर्व पार्षद और सक्रिय भाजपा नेत्री ममता को भी उनकी सक्रियता का ईनाम दिया गया है। वे महिलाओं और पार्टियों के कार्यक्रम में पूरे शहर में खासी सक्रिय देखी जाती रही है। पार्षद रहने के दौरान भी नगरपालिका में क्षेत्र की जनता के लिए अपनी आवाज बुलंद करने वाली भाजपा नेत्री कहा कि पार्टी ने उन पर भरोसा किया है, इसलिए वे महिलाओं के मुद्दे पर हमेशा सक्रिय रहेगी। संगठन में महिलाओं को जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने अपनी नियुक्ति पर सभी वरिष्ठजनों का आभार माना है।

More From Author

+ There are no comments

Add yours