- सहकारिता एवं कृषि विभाग की संयुक्त बैठक में कहा- प्राइवेट वेयर हाउस को लाभ पहुंचाया गया है, इसमें कमीशनखोरी हुई
- दो दिन पहले कृषि मंत्री कमल पटेल ने पूर्व मंत्री ओम प्रकाश धुर्वे की खनन की शिकायत पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे
भोपाल. अब शिवराज सरकार कमलनाथ सरकार के दौरान हुए करप्शन की जांच कराकर दोषियों को सजा दिलाएगी। यह बयान सरकार के कृषि मंत्री कमल पटेल ने दिया है। मंत्री पटेल ने कृषि और सहकारिता विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक में इसका ऐलान किया। इस बैठक में कमीशन देकर प्राइवेट वेयर हाउस पर खरीदी केंद्र बनाने के मामलों की जांच कराने के आदेश दिए गए हैं। कमल पटेल का मानना है कि प्राइवेट वेयर हाउस को लाभ पहुंचाया गया है। इसमें जमकर कमीशनखोरी हुई है। मंत्री का आरोप है कि यह घोटाला अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए तत्कालीन कमलनाथ सरकार ने किया था। इसके लिए सहकारिता और कृषि विभाग की संयुक्त टीम मामले की जांच करेगी।
दो दिन पहले भी कृषि मंत्री पटेल ने कहा था कि कांग्रेस सरकार ने हर जगह करप्शन किया है। कांग्रेस सरकार के हर एक कनेक्शन की जांच कराएंगे और उन्हें सजा दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सरकारी खजाने पर डाका डालकर प्राइवेट वेयरहाउस को लाभ पहुंचाया है। हम विकास कर रहे हैं। कमलनाथ सरकार का फोकस विकास पर नहीं था। पटेल ने कहा कि कमलनाथ की सरकार माफियाओं की सरकार थी। उन्होंने कहा कि किसानों की अधिक आय होगी। उनके अनाज का एक-एक दाना खरीदा जा रहा है।
कांग्रेस सरकार में ऐसे हुआ घोटाला
कृषि और सहकारिता की संयुक्त बैठक में मंत्री पटेल ने आदेश दिए कि तत्कालीन सरकार के दौरान जिन प्राइवेट वेयरहाउस को खरीदी केंद्र बनाया गया था, उसकी जांच की जाए। मंत्री का मानना है कि अपने चहेतों और कुछ खास लोगों को अवैध रूप से लाभ पहुंचाने के लिए वेयरहाउस को खरीदी केंद्र बनाया गया। जबकि सरकार के पास खुद के वेयरहाउस थे। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि इस कमीशनखोरी के घोटाले में अधिकारियों की भूमिका भी संदिग्ध है। उन्होंने वेयरहाउस संचालकों से मिलकर यह घोटाला किया है। ऐसे में कृषि और सहकारिता विभाग के अधिकारी एक टीम बनाकर इसकी जांच करें।
दो दिन पहले खनन को लेकर पूर्व मंत्री धुर्वे ने शिकायत की थी
पटेल ने पूर्व मंत्री ओम प्रकाश धुर्वे की शिकायत पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने फोन पर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करते हुए खनिज अधिकारी को निलंबित करने की बात कही है। धुर्वे ने नर्मदा नदी में अवैध रेत उत्खनन की पटेल से शिकायत की थी। इस पर पटेल खनिज विभाग के एक अधिकारी को फोन लगाया और वैध उत्खनन की वीडियोग्राफी के साथ मामले की जांच करने के निर्देश दिए।
+ There are no comments
Add yours