आमला के बाद बोरदेही में धूल खा रही एंबुलेंस

Estimated read time 1 min read
  • लापरवाह स्वास्थ्य विभाग निभा रहा औपचारिकता

आमला। क्षेत्रीय विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे के सतत् प्रयासों से लंबे अर्से बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोरदेही को एक एंबुलेंस वाहन आवंटित हुआ,जिसे ड्राईवर नहीं होने का कारण बताकर आमला में लगभग तीन महीने से अधिक समय तक खड़ा रखा गया।मीडिया के माध्यम से बात सामने आने पर क्षेत्रीय विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे ने इस लापरवाही पर नाराज़गी जताई तो स्वास्थ्य विभाग द्वारा तत्काल ड्राईवर की नियुक्ति कर एंबुलेंस को बोरदेही अस्पताल के लिए रवाना किया गया।लेकिन वहां भी एंबुलेंस खड़े-खड़े धूल ही खा रही है।क्षेत्रवासियों को उम्मीद थी की अब यह एंबुलेंस वाहन आमजन के लिए उपयोगी रहेगा.. लेकिन ऐसा हुआ नहीं।

ड्राईवर उपलब्ध नहीं होना बताया कारण

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोरदेही को आवंटित एंबुलेंस वाहन के पहले आमला में खड़े रहने और अब बोरदेही में खड़े रहने के विषय में पड़ताल करने पर पता चला कि फिलहाल यहां ड्राइवर उपलब्ध नहीं है और उच्च कार्यालय से भी ड्राईवर हेतु कोई आदेश नहीं मिला है। मरीज को एंबुलेंस में लगने वाले पेट्रोल सहित अन्य खर्च खुद ही वहन करने होंगे तभी एंबुलेंस चल पाएगी।
जबकि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बैतूल तथा जिला क्षय अधिकारी बैतूल के कार्यालय से जारी पत्रों का अवलोकन करने पर पता चलता है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हेतु ड्राइवर को 9 अप्रैल 2022 को ही बैतूल से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोरदेही के लिए कार्य मुक्त कर दिया गया है।उल्लेखनीय है कि उक्त ड्राईवर ने निर्देशों का पालन करते हुए अपनी आमद 11 अप्रैल 2022 को खंड चिकित्सा अधिकारी आमला को दे दी है।

अब जननी एक्सप्रेस का सहारा भी छीना

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोरदेही से अवगत जननी एक्सप्रेस का सहारा भी छीन लिया गया। वर्तमान में प्रदेश सरकार द्वारा  जिले को 22 नई एंबुलेंस प्रदान की गई जिसमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोरदेही को कोई वाहन आवंटित नहीं किया।पुराने जननी एक्सप्रेस वाहनों को भी बंद कर दिया गया।जिस कारण बोरदेही में संचालित जननी एक्सप्रेस वाहन वापस चला गया।फिलहाल स्वास्थ्य सुविधाएं भगवान भरोसे नजर आ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि हमारे साथ स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार भेदभाव किया जा रहा है।आवश्यकता पड़ने पर अब घंटों इंतजार के बाद आमला या मुलताई से ही जननी एक्सप्रेस उपलब्ध हो पाएगी।

आफिशियल रिकार्ड में दर्ज नहीं है एंबुलेंस

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोरदेही को आवंटित एंबुलेंस वाहन का रजिस्ट्रेशन तो डायरेक्टर हेल्थ सर्विस सतपुड़ा भवन अरेरा हिल्स भोपाल के नाम पर हुआ है लेकिन स्वास्थ्य विभाग के आफिशियल रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है जिस कारण आवश्यकता पड़ने पर 108 नंबर पर फोन करने के बाद बोरदेही की एंबुलेंस की जानकारी नहीं मिल पा रही। 108 पर फोन करने से पता चला कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोरदेही में एंबुलेंस होने की जानकारी उनके पास नहीं है।क्षेत्रीय विधायक के प्रयासों से मिली एंबुलेंस को बोरदेही अस्पताल पहुंचाकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा औपचारिकताएं पूर्ण कर दी गई, लेकिन इसका रिकॉर्ड मेंटेन नहीं किया जा रहा जिस कारण यह एंबुलेंस वाहन खड़ा है।

More From Author

+ There are no comments

Add yours