- बोले- डॉक्टरों ने समय पर नहीं देखा, आश्वासन के बाद हटे
बैतूल। भैंसदेही क्षेत्र में रविवार रात दो बाइक में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसदेही में इलाज में लापरवाही के आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। जानकारी के अनुसार, भैंसदेही-बरहापुर-झल्लार रोड पर दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोहर निवासी जगदीश अडलक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मालेगांव निवासी अंकुश वाघमारे को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
दो घायल जिला अस्पताल रेफर
हादसे में घायल भूपेंद्र वाघमारे (22) और सुनीता जगदीश (38) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया है। दोनों का इलाज जारी है।
परिजन बोले- डॉक्टरों ने समय पर नहीं देखा
घटना के बाद मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां डॉक्टरों और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस हो गई। लोगों ने आरोप लगाया कि ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर अभिषेक भलावी ने गंभीर घायलों को समय पर नहीं देखा।
मृतक अंकुश वाघमारे के पिता दिनेश वाघमारे ने आरोप लगाया कि डॉक्टर अपने केबिन में बैठे रहे और उनके बेटे को देखने तक नहीं आए। उनका कहना है कि जब परिजनों ने डॉक्टर से विनती की, तो उन्होंने कहा — “खुद जाकर देख लो।”
शव रखकर किया चक्काजाम
इलाज में लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और दोनों शवों को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर मौके पर एसडीएम अजीत मरावी, एसडीओपी और भारी पुलिस बल पहुंचा। भैंसदेही और आठनेर से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
सीएमएचओ ने दिया जांच का आश्वासन
हालात को संभालने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. मनोज हुरमाड़े भी भैंसदेही पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच कराने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पूर्णकालिक बीएमओ नहीं होने पर भी उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने यह मुद्दा भी उठाया कि भैंसदेही जैसे बड़े स्वास्थ्य केंद्र में पूर्णकालिक बीएमओ (ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर) की नियुक्ति नहीं है। वर्तमान में भीमपुर के बीएमओ डॉ. दीपक निगवाल को भैंसदेही का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित होने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
+ There are no comments
Add yours