भोपाल। दिल्ली में शुक्रवार को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। शाम करीब 6 बजे से देर रात 12 बजे तक चली इस बैठक में मध्यप्रदेश की बाकी 94 विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा की गई। पांचवीं लिस्ट में 92 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए जा सकते हैं। विदिशा और गुना सीट को होल्ड रखी जा सकती हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अगुवाई में बुलाई गई इस बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी के साथ गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा शनिवार को उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जारी कर सकती है। जो सीटें घोषित होना बाकी हैं, उसमें सीटिंग विधायकों के साथ हारी हुई सीटें भी शामिल हैं। मध्यप्रदेश के उम्मीदवारों की पांचवीं सूची पर चर्चा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, सह प्रभारी व केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय समेत अन्य नेता शामिल हुए।
इन मंत्रियों की सीट पर आज फैसला संभव
शिवराज सरकार के 9 मंत्रियों की सीट पर टिकट का ऐलान होना बाकी है। इसमें मंत्री उषा ठाकुर, इंदर सिंह परमार, गौरीशंकर बिसेन, ओपीएस भदौरिया, रामखेलावन पटेल, सुरेश धाकड़, बृजेंद्र सिंह यादव और महेंद्र सिंह सिसोदिया का टिकट होल्ड रखा है। वहीं, यशोधरा राजे सिंधिया ने स्वास्थ्य कारणों से चुनाव लड़ने से मना कर दिया है।
कुछ मंत्रियों के कट सकते हैं टिकट
पार्टी सूत्रों का कहना है कि कुछ मंत्रियों के टिकट अंतिम दौर में काटे जा सकते हैं। इनकी संख्या 5 तक हो सकती है। इसका कारण सर्वे रिपोर्ट में उनकी परफॉर्मेंस ठीक नहीं होना बताया जा रहा है। यह बात भी चर्चा में है कि दो मंत्रियों की स्थिति ठीक नहीं होने के बावजूद टिकट मिल सकता है, क्योंकि उनके विकल्प के तौर पर अच्छे कैंडिडेट नहीं मिल रहे हैं। माना जा रहा है कि जातिगत और क्षेत्रीय समीकरण के चलते फंसने वाली सीटों को छोड़कर बाकी सीटों के प्रत्याशियों के नाम पार्टी जारी कर देगी।
4 सूची जारी कर चुकी है भाजपा
भाजपा ने अब तक चार सूची जारी कर 136 कैंडिडेट के नामों का ऐलान कर दिया है। बचे 94 नामों की सूची एक साथ या दो बार में जारी हो सकती है। अब तक जारी हुई सूची में 3 केंद्रीय मंत्रियों समेत 7 सांसदों को पार्टी ने विधानसभा चुनाव में उतारा है जबकि सीएम शिवराज सिंह चौहान समेत 25 मंत्रियों को पार्टी ने टिकट दिए हैं।
+ There are no comments
Add yours