अब तक 483 केस: इंदौर में तीन की मौत, भोपाल में आईएएस अफसर गिरीश शर्मा और उनका बेटा पॉजिटिव मिला

Estimated read time 1 min read
  • भोपाल में इससे पहले हेल्थ कॉर्पोरेशन के एमडी और आयुष्मान योजना के सीईओ जे विजय कुमार और स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव पल्लवी जैन गोविल भी संक्रमित हो चुकीं
  • इंदौर में शनिवार को तीन लोगों ने दम तोड़ा, शुक्रवार को एक डॉक्टर समेत चार मरीजों की मौत हुई थी

भोपाल. मध्य प्रदेश के भोपाल में शनिवार को आईएएस अफसर गिरीश शर्मा और उनके बेटे की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। दोनों को चिरायू अस्पताल में भर्ती किया गया है। गिरीश शर्मा को 25 मार्च को स्वास्थ्य संचालनालय में अटैच किया गया था। वे राज्य के तीसरे आईएएस हैं, जो संक्रमित हुए हैं। इससे पहले हेल्थ कॉर्पोरेशन के एमडी और आयुष्मान योजना के सीईओ जे विजय कुमार और स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव पल्लवी जैन गोविल की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उनका इलाज चल रहा है। इस तरह शहर में संक्रमितों की संख्या 123 पर पहुंच गई है। वहीं, प्रदेश में यह आंकड़ा 483 है। 

इंदौर में आज तीन की जान गई 

इंदौर में शनिवार को कोरोना संक्रमण की वजह से तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। इससे पहले शुक्रवार को एक डॉक्टर समेत चार मरीजों की मौत हुई थी। इस तरह पिछले दो दिन में 7 संक्रमितों की जान जा चुकी है। शहर में कोरोना से अब तक 30 लोगों की मौत हुई है। उधर, इंदौर के चंदन नगर में पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंकने और बदसलूकी करने वाले चार आरोपी में से एक कोरोना संक्रमित निकला। प्रदेश में अब तक 40 मौतें हो चुकी हैं। 15 मरीजों के ठीक होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। जैसे-जैसे लॉकडाउन की अवधि (14 अप्रैल) पूरी होने जा रही है, मरीजों की संख्या में इजाफा होता जा रहा है। कोरोना का संक्रमण 20 जिलों में पहुंच गया है।

कोरोना अपडेट्स 

  • एमजीएम मेडिकल कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, शनिवार तड़के जिन तीन लोगों की मौत हुई। इनमें  गोमतीनगर के 52 साल एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। वहीं, ग्रीन पार्क कॉलोनी निवासी 66 साल के बुजुर्ग और जवाहर मार्ग निवासी 75 साल की महिला की भी मौत हुई।
  • इंदौर के चंदन नगर में पुलिसवाले पर पत्थर फेंकने और बदसलूकी करने वाला कोरोना संक्रमित आरोपी को जबलपुर जेल के अंदर ही अस्पताल के वार्ड में क्वारैंटाइन किया जाएगा। बताया गया कि चारों को जब जबलपुर लाया गया था, तब इनमें एक की तबीयत खराब थी। सभी को अस्पताल में एडमिट कराया गया। इसके बाद उनके सैंपल लिए गए। इनमें एक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अब बाकी तीन को जेल में शिफ्ट किया जा रहा है। इन आरोपियों को इंदौर से जबलपुर लेकर आए पुलिसकर्मियों को भी क्वारैंटाइन के लिए कहा गया है।
  • इंदौर के चंदन नगर में इन चारों ने 7 अप्रैल पुलिसकर्मियों पर हमला किया था। इन पर रासुका लगाया गया और जबलपुर भेज दिया गया। उधर, भोपाल सेंट्रल जेल में नए कैदी या दूसरे जिलों से शिफ्ट किए जा रहे कैदियों को नहीं रखा जाएगा। जेल प्रशासन ने गृह विभाग को पत्र लिखा है।
भोपाल में कोरोनोवायरस के कारण टोटल लॉकडाउन है। पुलिस ने सड़क पर लिखकर लोगों से घर में रहने की अपील की है।

भोपाल: होम डिलीवरी भी सुचारू नहीं, सरकारी दावे फेल

  • लॉकडाउन के असर से लोगों को जरूरी सामान की दिक्कत होने लगी है। लोग सड़कों पर प्रदर्शन करने पर उतारू हो रहे हैं। भोपाल के बाग सेवनिया इलाके में शुक्रवार को ऐसा ही नजारा देखने मिला। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लोगों के पास राशन खत्म हो गया है। अगर लॉकडाउन को और बढ़ाए जाने का फैसला होता है तो आने वाले दिनों में और ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
  • जिला स्तर पर लोगों को जो राहत पहुंचाने के प्रयास किए जाए रहे हैं, उससे आम जनता को राहत नहीं मिल रही है। व्यापारी मनमाने दाम वसूल कर रहे हैं। आलू 40 से ज्यादा और प्याज 30 रुपए किलो मिल रही है। अभी तक किराना सामान की होम डिलीवरी सुविधा भी लोगों को सुचारू रूप से नहीं मिल पा रही। प्रशासन ने सभी किराना दुकानदारों को होम डिलीवरी के पास जारी कर दिए हैं।
  • भोपाल के बागमुगालिया एक्सटेंशन में दाल-चावल बांटने एक गाड़ी पहुंची तो झुग्गीवासियों ने सामान लूट लिया। इन लोगों ने ड्राइवर और नगर निगम के स्टाफ के साथ भी बदतमीजी की और गाड़ी को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया।
भोपाल के बाग सेवनिया इलाके में राशन देने की मांग को लेकर प्रदर्शन करतीं महिलाएं। 

शिवपुरी: पड़ोस से आटा मांगकर घर में जला चूल्हा 
लॉकडाउन में मजदूर वर्ग की गृहस्थी का बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है। शिवपुरी जिले में हर दिन मजदूरी कर अपना और परिवार का पेट पालने वाला मजदूर तीन सप्ताह से घर बैठा है। शहर की करौंदी बस्ती में रहने वाली महिला रानी खटीक के यहां आटा खत्म हो गया है। उसने पड़ोस से आटा उधार लिया, तब जाकर घर में चूल्हा जला। इनका कहना है कि अब आटा खत्म हुआ तो आसपास वाला भी आटा-दाल देने को तैयार नहीं है, क्योंकि सभी के यहां यही स्थिति है।

श्योपुर: आईसोलेट लोगों ने खाना फेंका, बोले- रोटियां कच्ची हैं
श्योपुर में पॉजीटिव मरीज के संपर्क में आए 50 लोगों को बायपास रोड स्थित गर्ल्स हॉस्टल में आइसोलेट किया गया है। यहां कुछ लोगों ने खाना फेंक दिया और बदतमीजी की। डीपीओ ओपी पांडे ने बताया कि कुछ लोगों ने शुक्रवार की दोपहर खाना फेंक दिया। 

होशंगाबाद: 24 घंटे में 4 नए पॉजिटिव, छोटे शहरों में इटारसी मप्र में दूसरे नंबर पर

जिले में कोरोना का संक्रमण इटारसी में तेजी से बढ़ा है। शुक्रवार को चार और नए कोरोना पॉजिटिव मिले। इनमें डॉक्टर का चौकीदार भी संक्रमित पाया गया, इसके अलावा जीन मोहल्ला के मृतक बिजलीकर्मी के दो पड़ोसी भी संक्रमित हैं। चौथा पॉजिटिव गांधी नगर का है। अकेले इटारसी से ही 10 मरीज कोरोना के मिले हैं। आंकड़ों के लिहाज से छोटे शहरों में इटारसी कोरोना में मप्र में दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। सेंधवा (बड़वानी) में एक ही परिवार में 13 केस पाए गए थे। 

विदिशा: जमातियों से फैला संक्रमण

  • विदिशा में जो पांच कोरोना के केस सामने आए हैं, इनमें से चार लोगों की लोकेशन 17 से 22 मार्च के दौरान दिल्ली की मिली। जबकि संक्रमित के संपर्क में आने से एक युवक संक्रमित हुआ है। गंजबासौदा में जो चार नए पॉजिटिव सामने आए, वे जमात से जुड़े हैं।
  • सिरोंज में संक्रमित जमाती युवक उसके अन्य 9 साथी जमात के दौरान बासौदा में जिस परिवार के संपर्क में आए थे उस परिवार की एक 8 साल बच्ची पहले ही कोरोना पॉजिटिव आ चुकी है। जबकि चार नए संक्रमित भी इसी परिवार के हैं इनमें एक 55, 50 18 और 25 साल का युवक शामिल है।

राजगढ़: पुलिसकर्मियों के लिए चाय और नाश्ता लेकर आए एसपी

पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने कोरोना ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करने के लिए शुक्रवार को अनूठी पहल की। वे शाम करीब 5 बजे जिप्सी में चाय, बिस्किट के पैकेट और नाश्ता लेकर ब्यावरा पहुंचे। यहां पीपल चौराहे पर उन्होंने पुलिसकर्मियों, नपा कर्मियों और मीडिया वालों को खुद अपने हाथों से चाय देकर पिलाई और बिस्किट खिलाए।

राजगढ़ पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा जिले का दौरा करते समय चाय और नाश्ता लेकर चल रहे हैं। वे रास्ते में गाड़ी रोककर पुलिसकर्मियों को खुद ही चाय और नाश्ता कराते हैं।

मप्र में 483 कोरोना संक्रमित
मध्य प्रदेश में 483 कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इनमें एक पॉजिटिव यूपी के कौशांबी का रहने वाला है। इसके अलावा, इंदौर 249, भोपाल 121, उज्जैन 15, मुरैना 14, विदिशा में 13, खरगोन-बड़वानी 12-12, होशंगाबाद 10, जबलपुर 9, ग्वालियर 6, खंडवा 5, छिंदवाड़ा 4, देवास 3, शिवपुरी-श्योपुर 2-2, शाजापुर, सागर, धार, बैतूल, रायसेन में एक-एक संक्रमित मिला। अब तक इंदौर में 30, उज्जैन में 5, खरगोन 2, भोपाल, छिंदवाड़ा, देवास में एक-एक की मौत हो गई। इसमें इंदौर 28, जबलपुर 3, भोपाल-ग्वालियर 2-2, शिवपुरी में एक मरीज स्वस्थ्य होने पर घर भेज दिया गया। 

More From Author

+ There are no comments

Add yours