बिना अनुमति रैली निकालने के मामले में FIR की तैयारी !

Estimated read time 1 min read
  • महिला तहसीलदार के खिलाफ अभद्र टिप्पणियों पर राजस्व अधिकारी संघ हुआ नाराज

घोड़ाडोंगरी। पिछले 2 दिनों से घोड़ाडोंगरी तहसीलदार श्रीमती मोनिका विश्वकर्मा के खिलाफ मोर्चा खोले बैठे लोगों का पासा अब उल्टा पड़ सकता है। अब इस मामले में प्रशासन सख्त कार्यवाही की तैयारी में है। सूत्र बताते हैं कि धारा 144 के लागू रहते बिना अनुमति रैली निकालकर प्रदर्शन करने वाले लोगों पर कार्यवाही हेतु तहसीलदार द्वारा पुलिस को पत्र लिखा जा रहा है। गौरतलब है कि ओबीसी महासभा के स्थानीय पदाधिकारियों सहित कुछ अन्य लोग पिछले 2 दिनों से सार्वजनिक स्थानों पर एवं सोशल मीडिया में महिला तहसीलदार के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां कर रहे हैं। इन टिप्पणियों की जानकारी संज्ञान में आने पर राजस्व अधिकारी संघ के भी अब महिला तहसीलदार के पक्ष में खुलकर सामने आने की जानकारी मिल रही है। अब मामले में नया मोड़ आने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
गौरतलब है कि 2 दिन पूर्व सोमवार की दोपहर ओबीसी महासभा के स्थानीय अध्यक्ष रामकुमार मालवी द्वारा करीबन 70-80 लोगों के साथ मिलकर पंचायत कॉम्प्लेक्स की दुकानों को सील करने के विरोध में बिना प्रशासन को सूचना दिए रैली निकाली गई थी। इस दौरान प्रदर्शन करते हुए सभी लोग तहसील कार्यालय पहुंचे थे। तहसील में मौजूद तहसीलदार श्रीमती मोनिका विश्वकर्मा ने प्रदर्शनकारियों को निषेधाज्ञा के लागू रहते बिना पृर्व सूचना के रैली निकालने एवं प्रदर्शन करने के बारे में समझाइश देते हुए जमकर फटकार लगाई थी। तहसीलदार की समझाइश पर ओबीसी महासभा सहित ज्ञापन सौंपने गए लोग इतना भड़के कि पिछले 2 दिनों से तहसीलदार मोनिका विश्वकर्मा के खिलाफ मोर्चा खोले बैठे हैं । बिना पूर्व सूचना के प्रदर्शन करने पर गलती मानने के बजाय महिला तहसीलदार को टारगेट कर टिप्पणियां की जा रही है। अब इस मामले में प्रशासन द्वारा कार्यवाही की तैयारी के बाद अब ओबीसी महासभा सहित प्रदर्शन में शामिल सभी लोगों की मुसीबत बढ़ने की संभावना है। प्रशासन द्वारा प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान हेतु प्रदर्शन के वीडियो खंगाले जा रहे हैं। वीडियो से रैली में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्यवाही की तैयारी भी की जा रही है।

जिले में धारा 144 लागू है। जिसमें रैली धरना प्रदर्शन की पूर्व सूचना देना अनिवार्य है। लेकिन ओबीसी महासभा ने रैली की बिना सूचना दिए ही प्रदर्शन किया था। मामले में पुलिस कार्यवाही हेतु विचार कर रही हूँ ।
श्रीमती मोनिका विश्वकर्मा, तहसीलदार

तहसीलदार मैडम का पत्र मिलने पर कानूनन कार्यवाही की जाएगी ।
रवि शाक्य, चौकी प्रभारी, घोड़ाडोंगरी

More From Author

+ There are no comments

Add yours