- जेएच कॉलेज में स्कूल बैग विद एजुकेशनल डेस्क वितरण कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ
- जिले के 27 हजार 778 बच्चों को स्कूल में मिलेंगे डेस्क युक्त स्कूल बैग
बैतूल। भारत सरकार के उपक्रम हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड एचपीसीएल द्वारा अपने निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व सीएसआर के तहत यूनिसेड संस्था के सहयोग से 5 जुलाई को जयवंती हॉक्सर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बैतूल के अटल सभागार में स्कूल बैग विद एजुकेशनल डेस्क वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री एवं बैतूल संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री दुर्गादास उइके, घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उईके, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री सुधाकर पवार उपस्थित थे। इस अवसर पर भारत सरकार के खान मंत्रालय के नीति सलाहकार तथा राजभाषा समिति के सदस्य अवनीश त्रिपाठी, अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट, जिला शिक्षा अधिकारी पूनम वरकड़े भी उपस्थित थी।
सर्वप्रथम मुख्य अतिथियों ने मां सरस्वती के छायाचित्र समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान मुख्य अतिथियों ने बच्चों को डेस्क युक्त बेग वितरित किए। शेष बचे जिले के 27 हजार 778 बच्चों को स्कूल में डेस्क युक्त स्कूल बैग वितरित किए जाएंगे।
स्कूल बैग विद एजुकेशनल डेस्क वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री उइके ने कहा कि डेस्क युक्त स्कूल बैग बच्चों के लिए अत्यंत उपयोगी और नवाचारपूर्ण पहल है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए डेस्क युक्त स्कूल बैग उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि बच्चे कहीं भी सुविधापूर्वक बैठकर अध्ययन कर सकें।
भारत सरकार के खान मंत्रालय के नीति सलाहकार तथा राजभाषा समिति के सदस्य अवनीश त्रिपाठी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एवं निपुण भारत कार्यक्रम 2023 के अंतर्गत शिक्षा और स्वास्थ्य को सुदृढ़ और बेहतर बनाने के लिए राज्य और केंद्र स्तर पर बच्चों के लिए कई शैक्षणिक योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यूनिसेड संस्था भारत की एक अग्रणी संगठन विकसित भारत के उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में विभिन्न आईआईटी के साथ देश भर में सामुदायिक शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए नवाचारों की शुरुआत करते हुए ग्रामीण, वंचित, कमजोर वर्ग के जीवन को बदलने के लिए एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
+ There are no comments
Add yours