जागरूकता से ही पाया जा सकेगा कोरोना पर नियंत्रण-किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री श्री कमल पटेल

Estimated read time 1 min read
  • सख्ती से हो कोरोना कर्फ्यू का पालन
  • बैतूल को कोरोना मुक्त बनाने का दिलाया संकल्प

बैतूल। जिले के प्रभारी एवं प्रदेश के किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री श्री कमल पटेल ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में कोरोना संक्रमण की स्थिति की ब्लाक व पंचायतवार विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि समूचे जिले में कोरोना कर्फ्यू का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में श्री पटेल ने जिले के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों को बैतूल जिले को शीघ्र कोरोना मुक्त करने का संकल्प भी दिलाया। इस दौरान जिले के कोविड प्रभारी एवं श्रम विभाग के प्रमुख सचिव श्री सचिन सिन्हा, कलेक्टर श्री अमनबीर सिंह बैंस सहित विधायकगणों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं जिले के मैदानी क्षेत्र के अधिकारियों-कर्मचारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भाग लिया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में श्री पटेल ने जिले की सभी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत स्तर के कर्मचारियों से ग्राम पंचायतवार कोरोना संक्रमण की स्थिति की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिक संक्रमण वाली ग्राम पंचायतों के पंचायत सचिवों एवं अन्य कर्मचारियों से भी वर्तमान स्थिति पर चर्चा की। श्री पटेल ने निर्देशित किया कि घर-घर सर्वे कर सर्दी, जुकाम व बुखार के मरीजों को चिन्हित कर मेडिकल किट का वितरण कर तत्काल इलाज प्रारंभ करने में कोई ढील न की जाए। उन्होंने कहा कि जनपद के मैदानी अमले द्वारा बाहर से आने वाले नागरिकों पर सघन निगरानी रखी जाए और उन्हें आवश्यक रूप से क्वारंटाइन करें। श्री पटेल ने ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना से बचाव के प्रति जागरूकता अभियान चलाने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कोरोना को हराने के लिए जनजागृति के साथ कड़ाई भी जरूरी है। कोरोना कर्फ्यू के तहत लगाई गई पाबंदियों का पूरे जिले में पुलिस एवं प्रशासन द्वारा कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। किसी भी तरह की ढील संक्रमण को बढ़ावा देगी।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण का गांवों में प्रवेश रोकने के लिए आवश्यक है कि ग्रामीण अमला पूरी सक्रियता से काम करे। उन्होंने कहा कि गांव में गठित समितियों द्वारा सघन सर्वे कर मेडिकल किट का वितरण किया जाए। समिति घर, ग्राम पंचायत एवं जिले को कोरोना मुक्त बनाने का संकल्प ले।
श्री पटेल ने जिला प्रशासन द्वारा कोरोना संक्रमण के नियंत्रण एवं कोविड मरीजों के उपचार के लिए बनाई गई प्रभावी रणनीति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड से नि:शुल्क कोविड उपचार योजना में कोई भी निजी अस्पताल मरीज से अलग से राशि न ले। जिला प्रशासन के अधिकारी यह सुनिश्चित करे, इसके लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए जाएं। उन्होंने जिला प्रशासन की पूरी टीम को बेहतर परिणाम के लिए इसी तरह पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि कोरोना पर नियंत्रण के बेहतर समन्वय के लिए जिला स्तर पर सांसद के नेतृत्व में, विधानसभा के स्तर पर संबंधित विधायक के नेतृत्व में तथा जनपद व ग्राम पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की समितियां गठित की जाए, जो प्रशासनिक अमले के साथ समन्वय कर कोरोना पर नियंत्रण की बेहतर रणनीति तैयार करे।
श्री पटेल ने कहा कि जिले में ऑक्सीजन एवं आवश्यक इंजेक्शन सहित दवाइयों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों को कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया जाए। श्री पटेल ने कहा कि कोरोना से मृत होने वाले व्यक्तियों का अंतिम संस्कार नियमानुसार प्रोटोकॉल के साथ सम्पन्न कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में विधायक आमला डॉ. योगेश पंडाग्रे, विधायक मुलताई श्री सुखदेव पांसे, विधायक बैतूल श्री निलय डागा, विधायक घोड़ाडोंगरी श्री ब्रह्मा भलावी, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री आदित्य शुक्ला सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, जिले के प्रशासनिक अधिकारियों एवं मैदानी अमले ने भाग लिया।  

More From Author

+ There are no comments

Add yours