- धार्मिक, सामाजिक संगठनों का किया जाएगा सहयोग, 22 जनवरी को मांस दुकानें बंद कराने का आश्वासन
सारनी। श्री राम मंदिर अयोध्या में स्वरूप की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर नगर पालिका क्षेत्र सारनी के विभिन्न मंदिरों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसकी पूर्व तैयारियों को लेकर नगर पालिका परिषद सारनी में गुरुवार 19 जनवरी को एक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें धार्मिक, सामाजिक संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित थे। इसमें रूपरेखा तैयार की गई।
मध्यप्रदेश शासन सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देश पर 16 से 22 जनवरी 2024 तक विभिन्न धार्मिक गतिविधियां आयोजित की जानी है। इसे लेकर नगर पालिका में 19 जनवरी को शाम 6 बजे से धार्मिक संगठन, मंदिर समितियों और सामाजिक सदस्यों की बैठक हुई। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बारदे, एडीएम डा. अभिजीत सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सी.के. मेश्राम उपस्थित रहे। एडीएम डा. सिंह ने शासन द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। सीएमओ श्री मेश्राम ने बताया कि 22 जनवरी को सारनी, पाथाखेड़ा, शोभापुर एवं बागडोना में चार चिन्हित स्थानों पर एलईडी पर श्री राम मंदिर प्रतिष्ठा समारोह का सीधा प्रसारण किया जाएगा। साथ ही चार स्थानों पर दीप जलाए जाएंगे। धार्मिक संगठनों ने 22 जनवरी को शराब दुकानों को तरह मांस दुकानों को भी बंद करने की मांग की। एडीएम ने दुकानों को बंद करने का आश्वासन दिया। 16 से 22 जनवरी तक प्रत्येक मंदिर में दीपोत्सव मनाया जाएगा। विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। उन्होंने श्री राम मंदिर अयोध्या में स्वरूप की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में आम लोगों से बढ़चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया है।
+ There are no comments
Add yours