बैतूल में दो माह पहले ब्याही नवविवाहिता की मौत

Estimated read time 1 min read
  • मायके पक्ष ने पति-सास पर लगाए हत्या के आरोप

बैतूल। जिले के बोरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम लालढाना में दो माह पहले विवाह बंधन में बंधी नवविवाहिता कुंती पवार की संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। घर के पीछे स्थित कुएं में उसका शव मिलने के बाद आज (शनिवार) मायके पक्ष ने पति अजय पवार और सास पर हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, कुंती पवार का विवाह करीब दो माह पहले ग्राम लालढाना निवासी अजय पवार से हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। गुरुवार शाम करीब 7 बजे घर के पीछे स्थित कुएं में उसका शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई।

सूचना पर बोरदेही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पिता बोले- बेटी सुसाइड नहीं कर सकती मृतका के पिता संतोष कालभोर ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी बहुत समझदार थी और आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती। उनका कहना है कि पति अजय पवार और उसकी मां ने मिलकर बेटी की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

संतोष कालभोर ने बताया कि बेटी की शादी में 4 से 5 लाख रुपए खर्च किए थे। इसके बावजूद कुंती फोन पर बताती थी कि ससुराल पक्ष उससे पैसों की मांग करता था। करीब आठ दिन पहले भी उसका ससुराल में विवाद हुआ था और उसे परेशान किया जा रहा था। कुंती 11वीं तक पढ़ी-लिखी थी।

शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका बोरदेही थाना प्रभारी राधेश्याम बट्टी ने बताया कि नवविवाहिता की संदिग्ध मौत होने के कारण तहसीलदार से पंचनामा कार्रवाई कराई गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच एसडीओपी मुलताई द्वारा की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस फिलहाल हत्या, आत्महत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मायके पक्ष के आरोपों के बाद मामले की जांच और भी महत्वपूर्ण हो गई है।

More From Author

+ There are no comments

Add yours