- अत्यधिक भीड़ होने से यातायात हुआ प्रभावित
आमला। बैतूल जिले की सीमा पर तथा छिंदवाड़ा जिले में स्थित धनगौरी नागदेव मंदिर में नागपंचमी के अवसर पर पूजा-अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पंचमी के पावन पर्व पर प्रतिवर्ष यहां भक्तों की भीड़ माथा टेकने आती है तथा नाग देवता के दरबार में अपनी अर्जी लगाते हैं। श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ होने के कारण बार-बार जाम की स्थिति का भी लोगों को सामना करना पड़ा।कोरोना की वजह से पिछले दो साल से लोग नागदेव मंदिर में पूजा-अर्चना नहीं कर पाये थे। इस साल कोरोना का प्रभाव कम होते ही मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
सभी श्रृद्धालुओं की आस्था का है केंद्र
आमला विकासखंड के ग्राम मोरखा के पास स्थित धनगौरी नागदेव न सिर्फ जिले वासियों के लिए बल्कि छिन्दवाड़ा और महाराष्ट्र सहित अन्य प्रदेशों के श्रद्धालुओं के लिए भी आस्था का केन्द्र रहा है। यही वजह है कि यहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर नागदेवता की पूजा-अर्चना करते है। इस वर्ष भी धनगौरी नागदेव मंदिर में सुबह से लेकर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मान्यता के अनुसार श्रद्धालुओं ने नागपंचमी पर नागदेवता की प्रतिमाओं पर दूध चढ़ाया तथा फूल बेलपत्र आदि से पूजन किया।
पूजा अर्चना करने साल भर आते श्रृद्धालु
वैसे यहां पूरे वर्ष भर नागदेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है, वहीं नागपंचमी, शिवरात्री पर श्रद्धालुओं का मानो मेला लग जाता है।बताया जाता है कि नाग देवता के दरबार में मुरादें मांगने पर पूर्ण होती है। जिससे श्रद्धालु पहले अपनी अर्जी लगाने तथा फिर मन्नतें पूरी होने पर भी नागदेव मंदिर पहुंचते हैं जहां हलवे, खिचड़ी आदि का प्रसाद बनाकर वितरित किया जाता है।
मुख्य मार्ग पर बार-बार लगते रहा जाम
मोरखा नागदेव मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए बड़ी संख्या में जिलेभर से श्रद्धालु पहुंचे थे। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। जिससे दिनभर छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही लगी रही। मार्ग छोटा होने के कारण वाहन चालकों को बार-बार जाम का सामना करना पड़ा। हालांकि मंदिर के आसपास सुरक्षा के इंतजाम किये गये थे और पुलिस जवान भी तैनात थे, लेकिन रास्ता संकरा होने की वजह से वाहन जाम में फंसते नजर आये और श्रद्धालुओं का परेशान होना पड़ा।
इनका कहना है…
धनगौरी नागदेव मंदिर में दिनभर पूजा-अर्चना का सिलसिला चलता रहा।हजारों श्रद्धालुओं ने मंदिर में माथा टेका एवं पूजा अर्चना की। राजस्व विभाग एवं पुलिस प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था रही। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं हुई। हमारे थाने का पूरा स्टाफ मंदिर के आसपास तैनात रहा।
निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय
+ There are no comments
Add yours