…तो इस वजह से हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन को कोरोना के खिलाफ कारगर हथियार मानते हैं डोनाल्ड ट्रंप?

Estimated read time 1 min read

वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि मिशिगन से डेमोक्रेटिक पार्टी की एक सांसद ने कोरोना वायरस से अपनी जान बचने का श्रेय मलेरिया के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवा ‘हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन’ को दिया है। कोविड-19 के उपचार में ‘हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन’ के इस्तेमाल के दुष्प्रभावों पर गहन बहस के बीच डोनाल्ड ट्रंप लगातार इस दवा को कोविड-19 के इलाज के एक विकल्प के रूप में बढ़ावा दे रहे हैं, जबकि इस घातक वायरस के लिए अभी तक कोई सार्थक उपचार सामने नहीं आया है।मिशिगन राज्य की प्रतिनिधि कैरेन व्हिटसेट ने कहा कि वह और उनके पति हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन लेना शुरू करने के बाद ही अपने जीवन को कोरोना वायरस से बचा सके। एक समाचार चैनल पर राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा इस दवा की बात करते देख उन्होंने अपने डॉक्टर से इसे देने के लिए कहा।

डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से कहा, ‘इस महिला के बारे में मुझे लगा था कि शायद वह नहीं बचेंगी। वह एक डेमोक्रेट सांसद हैं, काफी सम्मानित अफ्रीकी-अमेरिकी महिला हैं… जिस तरह से उन्होंने अपनी कहानी बताई वह बहुत सुंदर है। मैंने अपने पति से जाकर यह दवा लाने को कहा। उन्हें वह दवा मिल गई। वह अब ठीक हैं। कल रात टेलीविजन पर उनका साक्षात्कार हुआ और उनहोंने मुझे धन्यवाद दिया।’

ट्रंप ने एक सवाल के जवाब में बताया ‘महिला सांसद ने ट्वीट के जरिए भी मुझे धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मैं राष्ट्रपति ट्रंप का धन्यवाद करना चाहती हूं । उन्होंने मेरी जिंदगी बचा ली। देखिए, मैं नहीं कहता कि हर किसी के साथ ऐसा होता है लेकिन ये एक खूबसूरत कहानी है। ऐसी बहुत सी कहानियां हैं और मैं कहता हूं कि इसे (हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन) इस्तेमाल करके देखें। लेकिन साथ ही उन्होंने कहा कि इस दवा की सिफारिश डॉक्टर द्वारा किया जाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि ‘डाक्टर से लिखवाना होगा। मैं कोई डॉक्टर नहीं हूं । मैं केवल इतना कह रहा हूं कि हमने इसके अच्छे परिणामों के बारे में सुना है। और कुछ लोगों ने कहा है कि चलिए पहले लैब में इसका परीक्षण कराएं । कुछ सालों तक इसका परीक्षण कराएं । नहीं ….इस देश में और पूरी दुनिया में लोग मर रहे हैं ।’

बता दें कि महिला सांसद ने डेट्रायट फ्री प्रेस जर्नल को दिए एक साक्षात्कार में बताया था कि सोमवार को उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई और ‘हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन’ लेने के दो घंटे से भी कम समय में उन्हें बेहतर महसूस होना शुरू हो गया।  यह वायरस अब तक 12,800 से अधिक अमेरिकियों की जान ले चुका है। अमेरिका में मंगलवार को केवल एक ही दिन में 2,000 से अधिक लोगों की मौत हो गई।

More From Author

+ There are no comments

Add yours