जर्मनी से लौटे बुजुर्ग ने पंजाब में दम तोड़ा, अधिकारियों की निगरानी में अंतिम संस्कार कराया गया

  • इससे पहले कर्नाटक के कलबुर्गी, महाराष्ट्र के मुंबई और दिल्ली में एक-एक मरीज की जान गई
  • स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में अभी 167 लोग संक्रमित हैं, इनमें 25 विदेशी भी शामिल हैं

नवांशहर. पंजाब में बुधवार को कोरोनावायरस से 70 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई। न्यूज एजेंसी एएनआई ने इस बात की पुष्टि की है। इसके बाद देश में कोरोनावायरस से मरने वालों का आंकड़ा चार पर पहुंच गया है। 12 दिन पहले वे जर्मनी और इटली से लौटे थे। इससे पहले कोरोनावायरस से कर्नाटक के कलबुर्गी, दिल्ली और मुंबई में एक-एक मौत हुई थी। 

बुजुर्ग निगरानी में थे

बलदेव नवांशहर के पठलावा गांव के रहने वाले थे। सिविल अस्पताल बंगा की एसएमओ कविता शर्मा ने बताया कि बुजुर्ग को पहले से दिल की बीमारी थी। विदेश से लौटे जिन लोगों की निगरानी की जा रही थी, उस लिस्ट में इनका नाम था। 11 मार्च को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच की, लेकिन तब तक उनमें कोरोना जैसे लक्षण नहीं थे। 18 मार्च को सुबह 6 बजे दिल में दर्द की शिकायत हुई तो परिजन उन्हें सिविल अस्पताल ले गए। आधे घंटे बाद ही उनकी मौत हो गई।

बलदेव की जानकारी स्वास्थ्य विभाग की ओर से अफसरों को दी गई। इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने शव से सैंपल लिए और उसे टेस्ट के लिए भेजा। इसमें कोरोनावायरस की पुष्टि हो गई।

पठलावा गांव को लॉकडाउन किया गया
कोरोना संक्रमण से बुजुर्ग की मौत के बाद पठलावा गांव को लॉकडाउन कर दिया गया है। गांव के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है। प्रशासन ने ग्रामीणों से घरों में ही रहने को कहा है। वहीं, बुजुर्ग के परिजन को भी हॉस्पिटल ले जाया गया है। उन सभी को आइसोलेशन वार्ड में निगरानी में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम अब यहां पता कर रही है कि जर्मनी से लौटने के बाद बुजुर्ग कहां-कहां गया था। गांव के जो लोग उनके संपर्क में आए थे, उनका भी पता किया जा रहा है। उन सभी की जांच की जाएगी।

More From Author

+ There are no comments

Add yours