अब तक 4 बार राष्ट्र को संबोधित कर चुके हैं प्रधानमंत्री, 8 नवंबर 2016 को पहले संबोधन में नोटबंदी का ऐलान किया था

Estimated read time 1 min read
  • आज के संबोधन में मोदी देश को कोरोनावायरस से निपटने के लिए सरकार की रणनीति की जानकारी दे सकते हैं
  • प्रधानमंत्री ने पिछले दोनों संबोधनों में देश को नोटबंदी और मिशन शक्ति जैसे बड़े फैसलों की जानकारी दी थी

नई दिल्ली. दुनियाभर में फैले कोरोनावायरस के प्रकोप के बीच प्रधानमंत्री मोदी आज रात आठ बजे देश को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री अपने संबोधनों से हमेशा कोई बड़ी जानकारी ही देते आए हैं। चाहे नोटबंदी का फैसला हो या फिर मिशन शक्ति के बारे में जानकारी देना। पीएम जब भी देश को संबोधित करते हैं तो उनका मुख्य मकसद लोगों को भरोसे में लेना होता है, ताकि लोग किसी चीज को लेकर डरें नहीं। इससे पहले उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के बाद देश को संबोधित किया था। आइए जानते हैं कि प्रधानमंत्री ने कब और किस मुद्दे पर देश को संबोधित किया।

पहला संबोधन- 8 नवंबर, 2016 (नोटबंदी)
प्रधानमंत्री ने देश को संबोधित करते हुए नोटबंदी की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि 500 और 1,000 रुपये के करेंसी नोट अब लीगल टेंडर नहीं रहेंगे यानि ये मुद्राएं कानूनन अमान्य होंगी। 

दूसरा संबोधन- 15 फरवरी, 2019 (पुलवामा हमले के बाद)
पुलवामा में सीआरपीएफ के 40 जवानों की हत्या के बाद पीएम ने 15 फरवरी को राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा था, ‘‘इस हमले की वजह से देश में जितना आक्रोश है, लोगों का खून खौल रहा है, मैं समझ रहा हूं। इस समय जो देश की अपेक्षाएं हैं, कुछ कर गुजरने की भावनाएं हैं, वो स्वाभाविक है। हमारे सुरक्षा बलों को पूर्ण स्वतंत्रता दी हुई है। हमें अपने सैनिकों के शौर्य पर पूरा भरोसा है।’’

तीसरा संबोधन- 27 मार्च, 2019 (मिशन शक्ति)
मोदी ने 27 मार्च को राष्ट्र के नाम संबोधन में जानकारी दी थी कि डीआरडीओ के वैज्ञानिकों ने लो अर्थ ऑरबिट में एक लाइव सैटेलाइट को मार गिराया है और भारत ऐसा करने वाला दुनिया का चौथा देश बना है। इससे पहले सिर्फ रूस, अमेरिका और चीन के ये ताकत पास थी।

चौथा संबोधन- 8 अगस्त 2019 (अनु. 370 हटाने के बाद) 
संविधान से अनुच्छेद 370 खत्म करने के बाद मोदी ने 8 अगस्त 2019 को रात आठ बजे देश को संबोधित किया था। अपने संबोधन में उन्होंने नए जम्मू कश्मीर और नए लद्दाख के निर्माण का वादा किया था। साथ ही पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर के लोगों को भरोसा दिलाया कि धीरे-धीरे हालात सामान्य हो जाएंगे और उनकी परेशानी भी कम होती चली जाएगी।

More From Author

+ There are no comments

Add yours