कोरोना से समाज को बचाने का काम करेंगे स्वास्थ्य स्वयंसेवक : डॉ योगेश पंडाग्रे

Estimated read time 1 min read
  • सारणी भाजपा के स्वास्थ्य स्वयंसेवक प्रशिक्षण वर्ग में बत्रा-कमलेश-शर्मा ने भी दिया प्रशिक्षण

सारणी। ईश्वर ना करें कि भारत में कोरोना की तीसरी लहर आए, लेकिन यदि यह लहर आई भी तो भाजपा के स्वास्थ्य स्वयंसेवक बूथ स्तर पर पीड़ितों की सेवा और उनके उपचार हेतु सही मार्गदर्शन करने का काम करेंगे। सारणी-आमला विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे ने उक्त विचार रविवार दोपहर सारणी भाजपा मंडल कार्यालय में आयोजित स्वास्थ्य स्वयंसेवक प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा के मंडल प्रभारी विशाल बत्रा, जिला महामंत्री कमलेश सिंह, मंडल अध्यक्ष नागेंद्र निगम, पूर्व मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, सुधा चंद्रा, सुनील शर्मा, श्याम मदान, अनिल बत्रा, जीपी सिंह, नपा उपाध्यक्ष भीम बहादुर थापा, नेता प्रतिपक्ष संजय अग्रवाल, महामंत्री द्वय प्रकाश शिवहरे, किशोर बर्दे, वरिष्ठ नेता अरविंद सोनी, स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान के मंडल संयोजक सतीश चौरे सहित भाजपा के मंडल पदाधिकारी और सभी बूथों से आए स्वास्थ्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि के रूप में टीकाकरण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी विषय पर संबोधित करते हुए विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे ने आगे कहा कि हमारे स्वास्थ्य स्वयंसेवकों को कोरोना बीमारी के लक्षणों के बारे में पता होना चाहिए और इन लक्षणों के आधार पर अपने बूथ पर घर-घर सर्वे कर स्वास्थ्य विभाग का भी सहयोग करना चाहिए। श्री पंडाग्रे ने कहा कि कोरोना की पहली और दूसरी लहर के दौरान भी मैदान में नागरिकों की मदद करने के लिए यदि किसी राजनीतिक दल का कार्यकर्ता मौजूद था तो वह केवल भाजपा का कार्यकर्ता था। उन्होंने उपस्थित स्वयंसेवकों को चिकित्सा एवं उपचार संबंधी जानकारी देते हुए कहा कि बीमारी के सामान्य लक्षणों में घर पर ही रह कर उपचार किया जा सकता है । लेकिन जैसे ही कोई गंभीर लक्षण दिखाई पड़े तो तुरंत स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कर पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराने में उसका सहयोग करें। सारणी मंडल के प्रभारी विशाल बत्रा ने आईटी एवं सोशल मीडिया विषय पर उपस्थित स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि हमारे स्वयंसेवकों को सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हुए कांग्रेस के दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए। पार्टी के व्हाट्सएप ग्रुप पर ही पोस्ट करने के बजाए फेसबुक जैसे सार्वजनिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आक्रामक पोस्ट करना चाहिए। जिला महामंत्री कमलेश सिंह ने आत्मनिर्भर भारत विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने कोरोना की 2-2 स्वदेशी वैक्सीन बनाकर भारत के 140 करोड़ लोगों को मुसीबत में सहारा देने का काम किया है। इसके पहले भी महामारी आ आई है लेकिन उनकी वैक्सीन भारत पहुंचने में 10-10 साल लग जाते थे। पूर्व मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा ने सेवा ही संगठन विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में सरकार और संगठन ने मिलकर कोराना की महामारी के समय में आम नागरिकों को मुसीबत से उबारने का काम किया है। कार्यक्रम के आरंभ में मंडल अध्यक्ष नागेंद्र निगम ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री किशोर बरदे-प्रकाश शिवहरे एवं उपाध्यक्ष कुबेर डोंगरे ने किया।

More From Author

+ There are no comments

Add yours