- टीएल बैठक में कलेक्टर ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा
बैतूल। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित समयसीमा की बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने कहा कि आमजन से जुड़े मामलों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने जिले में किसानों के लिए उपलब्ध खाद की स्थिति एवं उसके वितरण की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीफ सीजन को देखते हुए जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखी जाए तथा किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर खाद उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि खाद वितरण में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और ई टोकन व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को आगामी कार्यों के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों की योजना बनाकर निर्धारित समय-सीमा में उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करे। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में लंबित भू-अर्जन, अनुकंपा नियुक्ति एवं पेंशन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए अलग से समीक्षा बैठक आयोजित की जाए।
प्रधानमंत्री मानधन श्रम योगी योजना से अधिकाधिक श्रमिकों को जोड़ने के निर्देश
बैठक के दौरान कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने प्रधानमंत्री मानधन श्रम योगी योजना के अंतर्गत असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ठेकेदारों के माध्यम से कार्य कर रहे श्रमिकों की पहचान कर उनके बैंक खाते खुलवाए जाएं तथा योजना में उनका पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि इस संबंध में सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि पात्र श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए निराकृत शिकायतों की जानकारी ली। शेष लंबित शिकायतों पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित एवं नॉन-अटेंडेड शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत को बिना अटेंड किए लंबित न रखा जाए।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने सार्थक एप के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति की समीक्षा की। कलेक्टर ने एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों सीईओ सहित अन्य विभागीय अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की उपस्थिति की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
एआई टूल्स एवं क्लिक अप प्लेटफॉर्म का दिया प्रशिक्षण
समय सीमा बैठक के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एआई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल्स तथा क्लिक अप प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में आधुनिक डिजिटल तकनीकों के माध्यम से शासकीय कार्यों को अधिक सरल, त्वरित एवं व्यवस्थित ढंग से संपादित करने की जानकारी दी गई।
इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एआई टूल्स का उपयोग कर दस्तावेज तैयार करने, सूचनाओं के संकलन, कार्यों के विश्लेषण तथा कार्यालयीन कार्यकुशलता बढ़ाने के बारे में बताया गया। वहीं क्लिकअप प्लेटफॉर्म के माध्यम से टास्क मैनेजमेंट, समय-सीमा निर्धारण, कार्यों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग एवं प्रगति की नियमित समीक्षा की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया।
+ There are no comments
Add yours