भोपाल (ब्यूरो)। मध्यप्रदेश के फास्ट बॉलर आवेश खान को लखनऊ की टीम ने 10 करोड़ रुपए में खरीदा है। वह आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड (एक भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेलने वाले) खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले आवेश आरसीबी और दिल्ली के लिए खेल चुके हैं। उन्हें भी उम्मीद नहीं थी कि वे इस मुकाम को हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें 6 करोड़ रुपए की बोली लगने की उम्मीद थी, लेकिन यह उनकी उम्मीद से डबल है। अब उनका सपना टीम इंडिया की ब्लू जर्सी पहनकर मैदान में उतरने का है। आवेश खान से खास बातचीत के अंश-
आवेश ने बताया कि मेगा ऑक्शन था। बोली कभी 10 करोड़ रुपए तक जाने के बारे में सोचा नहीं था। 6.50 करोड़ तक सोच रहा था। मैच खेलने के पहले मैच फीस का 20 प्रतिशत मिलता है। मैच खत्म होने के बाद 60 प्रतिशत राशि मिलती है। इसके बाद सितंबर में शेष राशि मिलती है। अभी टीम इंडिया में हूं। बस जर्सी पहनकर मैदान में जल्द से जल्द उतरना चाहता हूं। इसके बाद टेस्ट टीम में जगह बनाने की कोशिश करूंगा।
यॉर्कर से उड़ाते हैं गिल्लियां
पिछले आईपीएल सीजन में 24 विकेट चटकाने वाले आवेश का स्ट्रांग पाइंट यॉर्कर है। आवेश कहते हैं कि हर मैच और फॉर्मेट के अनुसार रणनीति और ट्रेनिंग करनी पड़ती है। टी-20 के लिए यॉर्कर, धीमी और मीडियम बाउंसर करने की प्रैक्टिस ज्यादा करता हूं। वनडे और टेस्ट में अलग तरह की गेंद करना होता है। वनडे में आखिरी ओवर में यॉर्कर करना होता है, तो बीच में शॉर्ट बाउंसर गेंद पर जोर रहता हैं। टेस्ट पूरी तरह से अलग फॉर्मेट में होता है। इसके लिए लगातार कई घंटे प्रैक्टिस और एक लाइन लेंग्थ पर ज्यादा फोकस रखना होता है।
अच्छी टीम के लिए खेलना चाहता था
कौन सी टीम का हिस्सा बनूं, यह कभी नहीं सोचा। सिर्फ यह सोचा था कि एक ऐसी टीम का हिस्सा बनूं, जो अच्छा बैकअप करे। मुझे अच्छे से खेलने का मौका मिले। लखनऊ टीम का हिस्सा बनने का मौका मिला है। मैं टीम के लिए बेहतर करने का प्रयास करूंगा।
करियर इस तरह रहा
आवेश टीम इंडिया में तो शामिल हो गए, लेकिन अब तक उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला है। आईपीएल के लिए आवेश को सबसे पहले 2017 में बेंगलुरु ने 10 लाख रुपए में खरीदा था। 2018 में दिल्ली कैपिटल्स ने आवेश को 75 लाख में खरीदा था। अभी तक तेज गेंदबाज आवेश आईपीएल में 25 मैच खेले हैं। 25.83 की औसत के साथ 29 विकेट लिए हैं।
आईपीएल में 10 करोड़ में बिके आवेश खान का इंटरव्यू : कहा-उम्मीद से भी डबल मिला, अब टीम इंडिया की ब्लू जर्सी पहन मैदान में उतरना मेरा सपना
+ There are no comments
Add yours