- समाज में विद्वेष फैलाकर सत्ता प्राप्त करना चाहती है कांग्रेस – डॉ. मोहन यादव
- भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत पर चलकर हर चुनौती से निपटने के लिए तत्पर रहते हैं
- संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाएं कार्यकर्ता – हेमंत खण्डेलवाल
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री चंद्रशेखर ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में निगम-मंडल के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों व सदस्यों की बैठक को संबोधित किया। पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश जी ने कहा कि सेवा दूत अभियान के तहत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के सेवा कार्यों को जनता तक पहुंचाएं। राष्ट्र विरोधी ताकतें गलत नैरेटिव सेट कर जनता को भ्रमित करना चाहती हैं। भाजपा कार्यकर्ता इन ताकतों के असली मंसूबों को साकार नहीं होने देगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस समाज में विद्वेष फैलाकर सत्ता प्राप्त करना चाहती है। भाजपा कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार के कार्यों, उपलब्धियों को जनता को बताकर संगठन को और सशक्त बनाने का कार्य कें। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत पर चलकर हर चुनौती से निपटने के लिए तत्पर रहते हैं। सेवा दूत अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाएं, संगठन सभी कार्यकर्ताओं की चिंता करता है। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री चंद्रशेखर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का पूरा जीवन सेवा के लिए रहा है। पार्टी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री जी द्वारा किए गए सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने के साथ स्थानीय समस्याओं का निराकरण कर समाज निर्माण में भी अपना योगदान दें।
भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश ने कहा कि अब नैरेटिव यानी विमर्श की लड़ाई है। भाजपा संगठन और सरकार बहुत अच्छे कार्य करती है, लेकिन विपक्षी दल बदनाम करने और जनता में भ्रम फैलाने के लिए गलत नैरेटिव सेट करते हैं। आने वाले दिनों में विपक्ष कुछ और नैरेटिव समाज में लाकर समाज को तोड़ने या विद्वेष फैलाने का कार्य करेगा, हमें समाज को जागरूक करना है। राष्ट्रवादी ताकतों को आपस में लड़ाने का षड्यंत्र भी हो सकता है, ऐसे में भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रप्रथम की भावना के तहत समाज को सशक्त बनाने का कार्य करें। सेवा दूत अभियान के तहत एक वरिष्ठ कार्यकर्ता एक से 25 दिसंबर तक विधानसभाओं में प्रवास कर स्थानीय समस्याओं के निराकण के साथ संगठन को सशक्त बनाने का कार्य करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बताई गईं चार जातियां, गरीब, युवा, महिला और किसान के आर्थिक कल्याण और सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है। मध्यप्रदेश वर्तमान में रोजगार के सबसे अधिक अवसर खड़ा करने वाला राज्य है। हमें भाजपा सरकार की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाकर संगठन को सशक्त बनाने के लिए प्रदेश में सेवा दूत अभियान चलाया जाएगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि निगम-मंडल व प्राधिकरण प्रदेश सरकार की नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास की प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारने वाली महत्वपूर्ण संस्थाएं हैं। इन संस्थाओं में दायित्व प्राप्त सभी पदाधिकारी अपने उत्तरदायित्व को केवल प्रशासनिक या औपचारिक जिम्मेदारी न समझें, बल्कि इसे जनसेवा और संगठन के प्रति समर्पण का महत्वपूर्ण अवसर मानकर कार्य करें। निगम-मंडलों व प्राधिकरणों के माध्यम से संबंधित क्षेत्रों के विकास, जनसमस्याओं के समाधान, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी सुविधाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में परिणाममूलक प्रयास किए जाने चाहिए। निगम-मंडलों की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे, इसके लिए नियमित समीक्षा और सतत निगरानी की व्यवस्था विकसित की जाए। साथ ही संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों, सामाजिक संगठनों, उद्योगों, व्यापारिक संस्थाओं एवं प्रबुद्धजनों के सुझाव लेकर कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि निगम-मंडलों के पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित प्रवास करें, आम नागरिकों से संवाद स्थापित करें और उनकी समस्याओं एवं अपेक्षाओं को समझें। शासन की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही समाज से प्राप्त सुझावों को भी शासन तक पहुंचाएं। सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय, पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यों की गुणवत्ता को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध लक्ष्य निर्धारित करें। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री चंद्रशेखर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को सर्वव्यापी एवं सर्वस्पर्शी संगठन बनाने में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। बैठक में निगम, मंडल, प्राधिकरण अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।