- ग्रामीणों ने मशक्कत कर बाहर निकाला; दोनों गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
बैतूल। बैतूल में शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गेड़ीढाना में सोमवार सुबह मकान की छपाई के लिए काली मिट्टी खोद रहे मां-बेटे अचानक मिट्टी धंसने से उसके नीचे दब गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मिट्टी हटाकर दोनों को बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, गेड़ीढाना निवासी गेंदा बाई (55) पति चिरौंजी धरनेकर सोमवार सुबह करीब 9 बजे अपने बेटे संजय धरनेकर (35) के साथ घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर काली मिट्टी लेने गई थीं। दोनों मकान की छपाई के लिए मिट्टी की खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर धंस गया। इससे मां-बेटे मिट्टी के नीचे दब गए।
ग्रामीणों ने मिट्टी हटाकर निकाला
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को निकालने के लिए मिट्टी हटाना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मां-बेटे को बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। भांजे जितेंद्र के मुताबिक, मिट्टी खोदने चार लोग गए थे। लेकिन उनकी मौसी और मौसेरा भाई दब गए। दोनों को बाहर निकाल लिया गया है।
दोनों घायलों को जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उन्हें अंदरूनी चोटें आई हैं। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है।