- मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर कैट बैतूल ने किया वट वृक्ष का पौधा रोपण
- व्यापारिक विकास, औद्योगिक समृद्धि और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
बैतूल। मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर कॉन्फेडरेशन ऑफ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा न्यू बैतूल स्कूल, गंज में वटवृक्ष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम कैट मध्य प्रदेश के महामंत्री योगी खंडेलवाल, ऑटोमोबाइल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश आहूजा, बैतूल जनरल एवं किराना व्यापारी संघ के अध्यक्ष गजानन मोटवानी के आतिथ्य में और जिला अध्यक्ष मनोज भार्गव की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस मौके पर मुख्य अतिथि योगी खंडेलवाल ने कहा कि वटवृक्ष दीर्घायु, स्थिरता और मजबूती का प्रतीक है। इसकी शाखाओं से निकलने वाली जड़ें धरती में समाकर उसे और अधिक मजबूती प्रदान करती हैं। इसी प्रकार मध्य प्रदेश के व्यापारी भी अपने व्यापार का विस्तार करते हुए नए आयाम स्थापित करें और प्रदेश को आर्थिक रूप से अधिक समृद्ध एवं सशक्त बनाने में योगदान दें। इसी सकारात्मक संकल्प और कामना के साथ वट वृक्ष का पौधा रोपण किया गया है। मनोज भार्गव ने कहा कि भारत में प्रयागराज का अक्षयवट, उज्जैन का सिद्धवट और वृंदावन के प्रसिद्ध वटवृक्ष हमारी सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। इसी तरह मध्य प्रदेश के व्यापारी अपने व्यवसाय का विस्तार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक करें। प्रदेश में नए कारखाने स्थापित हों, औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिले और रोजगार के नए अवसर सृजित हों। उन्होंने कहा कि इन्हीं उद्देश्यों के साथ कैट द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थापना दिवस पर वट वृक्ष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर कैट के सचिव दीपक खुराना, कोषाध्यक्ष राजेंद्र काबरा, उपाध्यक्ष मनोज मेहता एवं दिनेश आहूजा, प्रचार सचिव हेमंत पगारिया, राहुल गोरिया, न्यू बैतूल स्कूल के प्रबंधन एवं स्टाफ सहित व्यापारी गण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से व्यापारिक एकता, पर्यावरण संरक्षण और समृद्ध मध्य प्रदेश के निर्माण का संदेश दिया गया।