- मध्यप्रदेश की पहचान उसके गौरवशाली इतिहास, समृद्धि संस्कृति और जनजातीय परंपराओं से है
- प्रदेश की धरती ने देश को अद्भुत सांस्कृतिक विरासत, महान व्यक्तित्व व राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा दी
बैतूल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने रविवार को बैतूल के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह के जिला स्तरीय कार्यक्रम में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन कर संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की पहचान उसके गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और जनजातीय परंपराओं से है। मध्यप्रदेश की धरती ने देश को अद्भुत सांस्कृतिक विरासत, महान व्यक्तित्व व राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा दी है। मध्यप्रदेश में सड़क, बिजली, सिंचाई, उद्योग, पर्यटन और अधोसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री खण्डेलवाल ने जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को हितलाभ वितरित करने के साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, लोकतंत्र सेनानी एवं उनके परिजनों को सम्माानित भी किया।
भाजपा सरकार में बैतूल, नगर से महानगर की ओर तेजी से बढ़ रहा है
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश ने पिछले वर्षों में सड़क, बिजली, सिंचाई, उद्योग, पर्यटन और अधोसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। इसी विकास यात्रा में बैतूल भी नगर से महानगर की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, खेल, संस्कृति और पर्यटन के क्षेत्र में व्यापक विकास के साथ बैतूल की तस्वीर पूरी तरह बदलने वाली है। पहले बैतूल जिले के अनेक गांव बरसात के दिनों में मुख्यालय से कट जाते थे। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के बाद जिले में सड़क अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हुआ और दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर हुई। बैतूल से भोपाल, नागपुर और प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों की कनेक्टिविटी लगातार मजबूत हुई है। आने वाले समय में बैतूल-अमरावती मार्ग को समृद्धि महामार्ग से जोड़ने तथा अन्य फोरलेन परियोजनाओं से जिले की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
उद्योग और रोजगार के नए अवसर होंगे विकसित
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि बैतूल में औद्योगिक विकास के लिए भूमि की उपलब्धता बड़ी चुनौती रही है, क्योंकि जिले का बड़ा भू-भाग वन क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। इसके समाधान के लिए अनुपयोगी एवं खाली भूमि के संबंध में भूमि अदला-बदली की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले समय में बैतूल को 1000 एकड़ से अधिक का लैंड बैंक उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इससे जिले में नए उद्योग स्थापित होंगे और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। बैतूल के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जिले में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और स्विमिंग सहित विभिन्न खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की तैयारी है। प्रयास है कि बैतूल के खिलाड़ियों को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बड़े शहरों पर निर्भर न रहना पड़े।
पर्यटन के क्षेत्र में बैतूल की नई पहचान
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि खेड़ला किला, मुलताई का ताप्ती उद्गम, सतपुड़ा क्षेत्र और कुकरू बैतूल की समृद्ध प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। कुकरू को मध्यप्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व और बैतूल में बटरफ्लाई पार्क जैसी योजनाओं से वन्यजीव एवं जैव विविधता संरक्षण के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि बैतूल में बड़े सांस्कृतिक आयोजनों के लिए आधुनिक ऑडिटोरियम की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। आने वाले समय में बैतूल में बड़े और आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण किया जाएगा, जिससे राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के कार्यक्रम आयोजित हो सकेंगे और स्थानीय कलाकारों को भी बेहतर मंच मिलेगा।
भारत के केंद्र बिंदु क्षेत्र का भी होगा विकास
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि बैतूल के बरसाली के समीप स्थित भारत के केंद्र बिंदु के रूप में पहचान रखने वाले क्षेत्र के विकास की भी योजना बनाई जा रही है। इस क्षेत्र को पर्यटन और ऐतिहासिक दृष्टि से विकसित कर बैतूल की विशिष्ट पहचान को देश और दुनिया के सामने लाया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। आने वाले समय में बैतूल की पहचान एक विकसित, आधुनिक और सुविधायुक्त शहर के रूप में होगी। इस अवसर पर विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, श्रीमती गंगाबाई उइके, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाई बारस्कर, जिला अध्यक्ष श्री सुधाकर पवार सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।