नई दिल्ली। इंडिया अलायंस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग और चुनाव आयोग की एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए रविवार को रामलीला मैदान में बड़ी रैली की। इसमें विपक्षी गठबंधन के तमाम पार्टियों के प्रमुख नेता शामिल हुए। कांग्रेस का दावा दस लाख की भीड़ का रहा। मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव समेत तमाम बड़े नेताओं ने रैली को संबोधित किया और ज्ञानेश कुमार पर जमकर हमला बोला। इस बीच, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज मार्कंडेय काटजू ने राहुल समेत तमाम विपक्षी नेताओं पर तंज कस दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया है कि इन नेताओं के एक साथ आने पर भी कोई फायदा नहीं होगा, क्योंकि ये सभी जीरो हैं। इन सभी को ऐड करने पर भी जीरो ही आएगा। उल्लेखनीय है कि काटजू सोशल मीडिया पोस्ट पर अपनी टिप्पणियों के लिए काफी चर्चित रहते हैं।
पूर्व जज मार्कंडेय काटजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”आज की रैली में राहुल + खरगे + अखिलेश + तेजस्वी + ममता = 0+0+0+0+0=0” बता दें कि रामलीला मैदान में आज हुई रैली में राहुल गांधी, खरगे, तेजस्वी, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव समेत तमाम नेताओं ने भाषण दिए। राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना पड़ेगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर भी कानूनी कार्रवाई होगी। काटजू ने एक और पोस्ट में रामलीला मैदान में हुई इंडिया अलायंस की रैली को लेकर उन पर तंज कसा है। उन्होंने लिखा कि किसी ने मुझे मैसेज किया कि वह रामलीला मैदान में है। मैंने जवाब दिया, “आप राम का रोल कर रहे हैं या रावण का?”
पूर्व जज के इन पोस्ट्स पर यूजर्स ने नीचे धड़ाधड़ कमेंट्स भी किए हैं। एक यूजर ने राहुल, खरगे समेत अन्य नेताओं के साथ आने को जीरो बताने वाले पोस्ट पर कहा कि देश में मनोरंजन भी होना चाहिए। कुछ नहीं से तो कुछ कर रहे हैं। एक और यूजर ने कहा कि सर जी, इस उम्र में टेंशन मत लो। आराम करो। एक और यूजर ने लिखा कि मुझे लगता है कि सर यह ओवरस्टेटमेंट है। सही करिए।
ज्ञानेश कुमार जेल जाएंगे, मोदी-शाह के खिलाफ होगी कानूनी कार्रवाई : राहुल गांधी
बता दें कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ‘वोट चोरी’ को लेकर रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला और कहा कि ”देशद्रोह” के लिए कुमार अपने पद से हटेंगे एवं जेल जाएंगे तथा मोदी और शाह को भी कानूनी कार्रवाई का सामना करना होगा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री शाह और सीईसी कुमार ने देश की आत्मा और संविधान पर आक्रमण किया है। उन्होंने दावा किया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त देश का गला घोंटने का अपराध करने के कारण रात में सो नहीं पा रहे हैं। कांग्रेस नेता ने यह भी दावा किया कि मोदी और शाह भी रात में सो नहीं पा रहे हैं।
भाजपा को पता है जनता उसे वोट नहीं देगी: अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में एक करोड़ 27 लाख मतदाताओं के नाम काटे गये हैं और समाजवादी पार्टी के समर्थक मतदाताओं के नाम चुन-चुनकर मतदाता सूची से हटाये गये हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में चुनाव आयोग से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना था कि भाजपा को पता है कि जनता उसे वोट नहीं देगी, इसलिए उसने वोट चोरी के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हथियार बनाया है। उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भी धांधली का आरोप लगाया।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *