• घोड़ाडोंगरी जनपद में जनविश्वास शिविर आयोजित

बैतूल। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को घोड़ाडोंगरी विकासखंड में जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में राशन, आवास, पट्टे, अतिक्रमण, बिजली सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदनों का अधिकारियों द्वारा निराकरण किया गया। शिविर में अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री मंगल सिंह धुर्वे, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गणेश जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपुसे, जनपद अध्यक्ष श्री राहुल उइके सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शिविर में मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा बिजली कनेक्शन से संबंधित 14 आवेदनों का त्वरित निराकरण करते हुए कनेक्शन प्रदान करने की कार्यवाही की गई। ग्राम पांडरा माया अकोला में राशन पर्ची से संबंधित आवेदन का भी निराकरण किया गया। कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने निर्देश दिए कि विभाग द्वारा आवेदन के निराकरण की जानकारी संबंधित आवेदक को भी दी जाए।
कलेक्टर ने ग्राम पांडरा में सड़क संबंधी समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। घोड़ाडोंगरी नगरीय क्षेत्र के आवेदक खुशी आहाके, मुकेश सराठे, मोहन मालवीय सहित अन्य के पट्टे से संबंधित आवेदनों का नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिए। ग्राम अर्जुनगोंदी में नेटवर्क की समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। नगर में स्वच्छता वाहन एवं सड़क संबंधी आवेदनों के निराकरण के भी निर्देश दिए गए।
ग्राम कोलगांव में अनियमितता से संबंधित शिकायत पर कलेक्टर ने सोशल ऑडिट के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन अधिकार दावों से संबंधित आवेदनों का भी प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। घोड़ाडोंगरी के वार्ड क्रमांक 4 में नाली निर्माण में हो रही देरी की समस्या पर कलेक्टर ने संबंधित ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए। अतिक्रमण से संबंधित शिकायतों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश मुख्य नगर पालिका अधिकारी घोड़ाडोंगरी एवं तहसीलदार को दिए गए।
रक्तदान करने वाले नागरिकों को किया सम्मानित
शिविर में रक्तदान करने वाले श्री भरत सिंह राजपूत, श्री दिनेश सेंगर, श्री आयुष कमरे, श्री कैलाश यादव एवं श्री गोविन्द सिंह को प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत घोड़ाडोंगरी ने बताया कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जनपद क्षेत्र में अब तक 252 यूनिट रक्त का संग्रहण किया जा चुका है।
सहायक कृषि यंत्रों के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण
शिविर में सहायक कृषि यंत्रों के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया गया। कृषि अभियांत्रिकी के निजी कस्टम हायरिंग योजनांतर्गत हितग्राही श्री रामरतन उइके ग्राम खदारा विकासखंड घोड़ाडोंगरी को प्रोजेक्ट मूल्य 1855615 पर अनुदान राशि 710000 एवं श्री संदीप इवने पिता नाथूराम इवने ग्राम मालवर विकासखंड घोड़ाडोंगरी को प्रोजेक्ट मूल्य 1821000 पर अनुदान राशि 675600 का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *