• कांग्रेस ने आंदोलनों की आड़ लेकर देश में अराजकता की नींव रखने का प्रयास किया
  • कांग्रेस की नीतियों और राजनीति को जनता के सामने उजागर करेंगे कार्यकर्ता -श्री चंद्रशेखर

अनूपपुर/भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री चंद्रशेखर ने शुक्रवार को अनूपपुर जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित जिला बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने राजनीतिक तौर-तरीकों से देश को नुकसान पहुंचाया है और आज आंदोलनों की आड़ लेकर देश में अराजकता की नींव रखने का प्रयास कर रही है। लोकतंत्र बचाने के नाम पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करना और देश के माहौल को खराब करना कांग्रेस सहित पूरे विपक्ष की राजनीति का हिस्सा बन गया है। भाजपा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के माध्यम से कांग्रेस की नीतियों और उसकी अराजक राजनीति को जनता के सामने उजागर करेगी। बैठक को संभाग प्रभारी श्री गौरव सिरोठिया एवं पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री हीरा सिंह श्याम ने भी संबोधित किया।
कांग्रेस की राजनीति से देश को हुआ नुकसान
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री चंद्रशेखर ने कहा कि कांग्रेस ने प्रारंभ से ही जिस राजनीतिक मॉडल पर काम किया, उससे देश को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा। कांग्रेस की नीतियों ने समाज में विभिन्न प्रकार के भेदभाव को बढ़ावा दिया, जबकि भाजपा ने समय-समय पर आंदोलनों और जनजागरण के माध्यम से बेहतर व्यवस्था स्थापित करने का प्रयास किया। आज कांग्रेस चुनावी पराजय के बाद ईवीएम पर सवाल उठाती है और लोकतंत्र बचाने के नाम पर संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर प्रहार करती है। देश की जनता को ऐसी राजनीति के प्रति जागरूक रहना होगा, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनी रहे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा नक्सलवाद, माओवाद, आतंकवाद और घुसपैठ के विरुद्ध कार्रवाई पर भी कांग्रेस सहित विपक्षी दल सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन मुद्दों पर जनता के बीच जाकर तथ्यपरक संवाद करने और संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा का लक्ष्य देश और समजा के हित में कार्य करना है
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री चंद्रशेखर ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का देश की एकता और अखंडता की रक्षा में योगदान ऐतिहासिक रहा है। भाजपा सरकार ने देश को निर्णायक नेतृत्व और ईमानदार शासन देने की दिशा में लगातार काम किया है। डिजिटल तकनीक के विस्तार, राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने, स्वदेशी हथियारों एवं संसाधनों को प्रोत्साहित करने और गरीब कल्याण की योजनाओं को प्राथमिकता देने जैसे विषय सरकार की कार्यशैली के प्रमुख आधार हैं। भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं पुनरुत्थान की दिशा में भी व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। भाजपा का उद्देश्य केवल राजनीतिक लाभ प्राप्त करना नहीं, बल्कि देश और समाज के हित में कार्य करना है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा के अनुरूप जनसेवा, गरीब कल्याण और राष्ट्रहित के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने विगत एक माह तक संचालित सेवा संकल्प अभियान में अनूपपुर जिले ने प्रदेश स्तर पर 14वां स्थान प्राप्त करने पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता और समर्पण की सराहना करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री दिलीप अहिरवार, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री हीरा सिंह श्याम, जिला प्रभारी श्री संजय साहू, शहडोल सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह, विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री अनिल गुप्ता, श्री बृजेश गौतम, श्री रामदास पुरी, श्री राधाराम वैश्य सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *