• मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान से गांव-गांव में हो रहा समस्याओं का समाधान : विधायक श्री देशमुख
  • मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शिविर प्रभात पट्टन में ग्रामीणों की समस्याओं का हुआ त्वरित निराकरण
  • विभिन्न विभागीय योजनाओं के हितग्राहियों को किया गया हितलाभ वितरण

बैतूल। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को प्रभात पट्टन में आयोजित शिविर में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कराया। शिविर में प्राप्त 156 आवेदनों में से 108 आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया। वहीं, शेष 48 आवेदनों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए गए। शिविर में विभिन्न विभागीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर मुलताई विधायक श्री चंद्रशेखर देशमुख, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती उर्मिला बाई, प्रभात पट्टन सरपंच श्रीमती सुनींदा ताई देशमुख, जनपद सदस्य श्रीमती मंदा ताई देशमुख, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सोनाली पटेल, श्री विनोद पटेल सहित कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गणेश जायसवाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपुसे उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत प्रभात पट्टन में आयोजित शिविर को संबोधित करते हुए जिले के प्रभारी मंत्री श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं भी विभिन्न जिलों में पहुंचकर अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। इसी क्रम में प्रभात पट्टन विकासखंड में भी जिले का प्रशासनिक अमला ग्रामीणों के बीच उपस्थित होकर उनकी समस्याएं सुन रहा है। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहकर ग्रामीणों की शिकायतों एवं समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव है, उनका मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है।
प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याण एवं विकास के लिए कार्य कर रही है। ऐसे में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे जनता के हितों को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों से ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने की अपेक्षा की।
गांव-गांव तक पहुंचकर समस्याओं का निराकरण करना अभियान का उद्देश्य
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शिविर को संबोधित करते हुए मुलताई विधायक श्री चंद्रशेखर देशमुख ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा जन विश्वास अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य गांव-गांव तक पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करना और उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शुक्रवार को ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जा रही हैं और उनके निराकरण की कार्रवाई की जा रही है। अभियान के माध्यम से अनेक हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
अतिक्रमण संबंधी शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश
ग्राम पाबल के ग्रामीणों द्वारा अतिक्रमण संबंधी शिकायत प्रस्तुत किए जाने पर संबंधित राजस्व अधिकारी को स्थल का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ग्राम चारसी में बोरवेल सूखने संबंधी आवेदन पर जनपद पंचायत प्रभात पट्टन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को स्थल का परीक्षण कर नवीन कूप के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अमरावती घाट निवासी ग्रामीणों द्वारा शौचालय बंद करवाए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए जाने पर जनपद पंचायत के संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में प्रकरण का परीक्षण कर नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए गए। शिविर में बड़ेगांव निवासी निकिता साबले, पारसोडी निवासी खुशी सोनारे, अजाबराव पाटिल, सीताराम बेल तथा ग्राम कोढ़र निवासी श्रीकृष्ण का आयुष्मान कार्ड बनाया गया।
सुनीता द्वारा राशन कार्ड बनाए जाने के आवेदन पर संबंधित अधिकारी को पात्रता के आधार पर नियमानुसार लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। परसोड़ा निवासी कमलेश लोखंडे द्वारा पशु शेड निर्माण के लिए दिए गए आवेदन पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को प्रकरण की जांच कर पात्रता के आधार पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। रगड़गांव निवासी ग्रामीणों द्वारा फसल बीमा का लाभ दिलाए जाने संबंधी आवेदन पर कृषि विभाग के संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
प्रभात पट्टन निवासी हनीफ द्वारा प्रधानमंत्री आवास की किस्त एवं जॉब कार्ड संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए जाने पर संबंधित अधिकारी को प्रकरण का परीक्षण कर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए गए। मंगोना खुर्द निवासी संजय द्वारा दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनाए जाने संबंधी आवेदन पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को पात्रता का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *