बैतूल। आयुक्त वीबी जीरामजी श्री मयंक अग्रवाल ने शुक्रवार को बैतूल जिले की जनपद पंचायत शाहपुर एवं बैतूल की ग्राम पंचायतों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत बीजादेही के ग्राम रतनढाना, ग्राम पंचायत भौंरा के ग्राम गुरगंदा तथा ग्राम पंचायत खडला के ग्राम चिखलार में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), प्रदान संस्था एवं वीबी जी रामजी के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के लिए संचालित आजीविका मूलक गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं से चर्चा कर उन्हें उपलब्ध कराए जा रहे हितलाभ एवं आजीविका संवर्धन के प्रयासों की जानकारी ली।
भ्रमण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बैतूल श्री गणेश कुमार जायसवाल, सहायक कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत शाहपुर श्री पुष्पराज खोट, जिला प्रबंधक एसआरएलएम श्री सतीश पवार, प्रदान संस्था के प्रतिनिधि, स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं तथा जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
मिलेट प्रोसेसिंग यूनिट का किया निरीक्षण
ग्राम पंचायत बीजादेही के ग्राम रतनढाना में आयुक्त श्री मयंक अग्रवाल ने सतपुड़ा आंचल फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी की मिलेट प्रोसेसिंग यूनिट का निरीक्षण किया। उन्होंने कंपनी के सदस्यों एवं स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से चर्चा कर उत्पादन इकाई में संचालित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। समूह की महिलाओं ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से प्राप्त हितलाभ एवं उससे आजीविका के क्षेत्र में हुए लाभ के संबंध में जानकारी दी।
आयुक्त ने प्रोसेसिंग यूनिट की विभिन्न गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया तथा इकाई की प्रगति में आ रही समस्याओं के निराकरण के लिए हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने यूनिट में तैयार किए जा रहे उत्पादों की सराहना की तथा उनके स्वाद का भी अनुभव किया। इसके साथ ही उन्होंने प्रोसेसिंग यूनिट के स्टोरेज भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
गुरगंदा में महिलाओं की आजीविका गतिविधियों का अवलोकन
ग्राम पंचायत भौंरा के ग्राम गुरगंदा में आयुक्त श्री अग्रवाल ने स्व-सहायता समूह की महिला सदस्यों से चर्चा कर आजीविका संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने ग्राम की दीदी श्रीमती हेमलता की नेटशेड यूनिट में पहुंचकर टमाटर की फसल का अवलोकन किया तथा महिलाओं से उत्पादन एवं गतिविधियों के संबंध में चर्चा की।
इसके पश्चात उन्होंने ग्राम की दीदी श्रीमती सविता धुर्वे द्वारा संचालित ‘एक बगिया माँ के नाम’ परियोजना का निरीक्षण किया। साथ ही, एक अन्य हितग्राही के खेत में की जा रही गेंदे की खेती की सराहना की। उन्होंने आजीविका गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों का जायजा लिया।
चिखलार में मुर्गीपालन एवं ‘एक बगिया माँ के नाम’ परियोजना का निरीक्षण
जनपद पंचायत बैतूल की ग्राम पंचायत खडला के ग्राम चिखलार में आयुक्त श्री मयंक अग्रवाल ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर आजीविका वृद्धि के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्राम में संचालित मुर्गीपालन गतिविधियों का अवलोकन किया तथा वीबी जीरामजी के अंतर्गत संचालित ‘एक बगिया माँ के नाम’ परियोजना का निरीक्षण किया।
आयुक्त ने इस वर्ष योजना के अंतर्गत अधिक संख्या में ‘एक बगिया माँ के नाम’ परियोजनाएं संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही, गत वर्ष की परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों तथा वीबी जी रामजी के अंतर्गत नवीन कार्यों में आने वाली समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया।
भ्रमण के दौरान आयुक्त श्री अग्रवाल ने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद कर आजीविका गतिविधियों की प्रगति, उपलब्ध संसाधनों एवं कार्यों के संचालन में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। भ्रमण के दौरान सभी संबंधित स्थलों पर स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं वीबी जीरामजी का अमला तथा प्रदान संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।