- नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व जनप्रतिनिधियों ने किया शुभारंभ, विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित रहकर किया हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण
सारनी। सेवा सेतु अभियान सरकार आपके द्वारा अभियान के तहत नगर पालिका परिषद सारनी द्वारा वार्ड 17 एक्यूप्रेशर पार्क परिसर में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया। शाम तक शिविर में 299 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नितिन बिजवे ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सेवा सेतु अभियान सरकार आपके द्वारा अभियान के तहत मेगा शिविर का आयोजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे, उपाध्यक्ष जगदीश पवार, विधायक प्रतिनिधि सुधा चंद्रा, पार्षद, दशरथ सिंह जाट, भीम बहादुर थापा, गणेश महस्की, प्रवीण सोनी, बेबी बिंझाड़े, योगेश बर्डे, एल्डरमैन रमेश पवार, संजीत चौधरी, कमलेश सिंह गोलू राजपूत समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, खाद्य विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग, विद्युत वितरण कंपनी, सामाजिक न्याय विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग समेत अन्य विभागों के अधिकारियों ने मौके पर आवेदनों के निराकरण किए। शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चला। शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने सैकड़ों लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया। नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे ने कहा कि सरकार सुशासन के तहत सरकार आपके द्वार जैसे अभियान चला रही है। उन्होंने कहा समाज के अंतिम वर्ग तक लाभ पहुंचाने के लिए ऐसे शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इससे पूर्व सुबह शाहपुर एसडीएम प्रपंच आर. ने शिविर स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राहियों को बेहतर सेवाएं और समय पर हितलाभ देने के निर्देश दिए। शिविर में सभी विभागों के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।