- ग्वालटोली कृष्णपुरा में रात 12 बजे कृष्ण जन्म के बाद 56 भोग, दूसरे दिन मटकी फोड़ और शोभायात्रा में दिखी सामाजिक एकता
बैतूल। यादव ग्वाल समाज द्वारा भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व ग्वालटोली कृष्णपुरा स्थित टिकारी बजरंग मंदिर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दोपहर से मंदिर को फूलमाला और आकर्षक लाइटों से सजाकर भगवान श्रीकृष्ण की झांकी तैयार की गई। मंदिर में 56 भोग अर्पित किए गए और भजन संध्या का आयोजन हुआ। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद 56 भोग लगाया गया तथा प्रसाद का वितरण किया गया।
अगले दिन नंद उत्सव के तहत मटकी फोड़ कार्यक्रम और भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा टिकारी बजरंग मंदिर से शुरू होकर यादव कॉलोनी शिव मंदिर, भगतजी चौक, चंडी दरबार, थाना चौक शिव मंदिर, मरही माता, कृष्ण मंदिर और दुर्गा मंदिर होते हुए पुन: ग्वालटोली पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर दही हांडी कार्यक्रम आयोजित किए गए। समितियों ने जुलूस में शामिल लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था की।
शोभायात्रा के दौरान मुस्लिम समाज ने भी स्वागत की परंपरा निभाते हुए श्रद्धालुओं का पुष्पहार से स्वागत किया और भगवान की आरती की। इससे सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का संदेश भी देखने को मिला। शोभायात्रा के वापस टिकारी बजरंग मंदिर पहुंचने पर आरती की गई और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यादव समाज के कैलाश पचौरी ने बताया कि शोभायात्रा के मार्ग में सभी समाजों के लोग एकत्र होकर प्रेम और सहयोग के साथ आयोजन को सफल बनाते हैं। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।