सारनी। बगडोना के मेन रोड पर रहने वाली एक महिला लंबे समय से बीमार थी। श्वास लेने की तकलीफ के कारण उन्हें दो-तीनदिन पहले बैतूल के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। स्थिति गंभीर होने के कारण यहां के डॉक्टर ने उन्हें शासकीय अस्पताल ले जाने को कहा, लेकिन परिजन उन्हें दूसरे निजी अस्पताल ले गए। यहां से आखिरकार महिला को जिला अस्पताल भेजा गया। स्थिति सुधर नहीं पाई तो उन्हें हमीदिया अस्पताल ले जाया गया। यहां उनकी मृत्यु हो गई। परिजन उनका शव लेकर वाहन से बगडोना आ गए। उनके यहां आने की सूचना लगते ही प्रशासन की टीम हरकत में आई। घोड़ाडोंगरी से आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रात में सैंपल लेकर जांच के लिए भोपाल भेजा। शव के संपर्क में आए सभी लोगों को कोरंटाइन में रहने को कहा गया है। रात में ही नगर पालिका ने पूरे हिस्से में सेनेटाइजेशन किया। सुबह अंतिम यात्रा के दौरान भी शव के पीछे-पीछे नपा की टीम सेनेटाइजेशन करते हुए मोक्षधाम तक पहुंची। पांच लोगों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। बताया जा रहा है महिला हमीदिया अस्पताल के आइसोलेशन में कुछ समय एडमिट रही। इसलिए उसके सैंपल लिए गए। बगडोना की उक्त महिला उपचार के लिए सबसे पहले आमला-सारनी के विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे के निजी अस्पताल में जांच के लिए गई थी। रात को महिला की मृत्यु की सूचना के बाद से विधायक डॉ. पंडाग्रे ने खुद को होम कोरंटाइन किया है। फेसबुक पर उनके पीए पिंटू इवने ने उनके अस्पताल, विधायक कार्यालय में आगामी सूचना तक किसी से नहीं मिलने की सूचना पोस्ट की है।

क्या बोले विधायक
होम कोरंटाइन या सामाजिक दूरी जैसी कोई बात नहीं है। हां, महिला की जांच की थी इसलिए उसकी रिपोर्ट आने तक सावधानी बरती जा रही है। खुद अस्पताल, कार्यकर्ताओं और समाज से दूर किया है। रिपोर्ट नेगेटिव आने की उम्मीद है। इसके बाद वापस काम पर लौट जाएंगे।
डॉ. योगेश पंडाग्रे, विधायक आमला-सारनी

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *