भोपाल. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से देश में लॉकडाउन की अवधि 3 मई तक बढ़ाए जाने के बाद अब मध्य प्रदेश सरकार ने भी लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ा दिया है. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बयान जारी कर कहा है कि प्रदेश में भी लॉकडाउन का 3 मई तक पालन किया जाएगा. लॉकडाउन को लेकर केंद्र की ओर से जो गाइडलाइन जारी की जाएगी उनका प्रदेश में पालन किया जाएगा.

माना जा रहा है कि केंद्र की ओर से 3 मई तक जारी रहने वाले लॉकडाउन को लेकर गाइडलाइन कल जारी हो सकती हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नाम अपने संबोधन में कहा था कि लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ाया जा रहा है. 20 अप्रैल तक लॉक डाउन की समीक्षा की जाएगी और फिर उसके बाद कुछ शर्तों के साथ लॉकडाउन में छूट को लेकर कुछ अनुमति दी जा सकती है. हालांकि, यह साफ किया गया है कि यह अनुमति तभी दी जाएगी जब 20 अप्रैल तक कोरोना को लेकर नए मामले उन इलाकों में सामने नहीं आएंगे और न ही उनके आने की कोई संभावना जताई जाएगी. इसी को देखते हुए मध्य प्रदेश की सरकार ने भी लॉकडाउन 3 मई तक बढ़ा दिया है.

जारी रहेगी रबी फसल की खरीदी

3 मई तक लॉकडाउन जारी रहने के बावजूद प्रदेश में रबी फसल की खरीदी जारी रहेगी. मध्य प्रदेश में रबी फसल की खरीदी 15 अप्रैल से शुरू हो रही है. राज्य सरकार ने खरीदी को लेकर कुछ पैमाने तय किए हैं, जिसके तहत किसानों को उपार्जन केंद्रों पर आने की सूचना एसएमएस के जरिए दी जाएगी और एक खरीदी केंद्र पर 1 दिन में केवल 10 से 12 किसानों को ही आने की अनुमति दी जाएगी. इस दौरान किसानों की कोरोना स्क्रीनिंग भी खरीदी केंद्रों पर की जाएगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने संबोधन में यह कहा था कि लॉकडाउन में गरीबों और किसानों का ख्याल रखा जाएगा.

क्या हो सकती हैं गाइडलाइन?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में एक बात साफ की है कि 3 मई तक लॉकडाउन सख्ती से लागू किया जाएगा और 20 अप्रैल तक इसकी एक बार समीक्षा की जाए. लॉकडाउन को लेकर गाइडलाइन कल जारी होंगी. इसमें यह अनुमान लगाया जा रहा है की लॉकडाउन में कुछ राहत उन इलाकों में दी जा सकती है जहां पर कोरोना का एक भी मरीज सामने नहीं आया है. किसानों की फसल खरीदी को लेकर भी गाइडलाइन में जिक्र किया जा सकता है.

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *